बब्बी शर्मा सरगुजा संभाग ब्यूरो ;-
मनेंद्रगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने भाजपा सरकार और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज पूरे जिले की हालत बद से बदतर है। पीलिया से लगातार मौतें हो रही हैं, टायफाइड और वायरल बुखार तेजी से फैल रहा है, लेकिन भाजपा सरकार और मंत्री केवल अपने स्वागत और प्रचार में व्यस्त हैं।
उन्होंने कहा कि अस्पतालों में सप्लाई की गई दवाएँ नकली निकलीं और डेढ़ साल तक मरीजों को यही दवाएँ खिलाई जाती रहीं। यह प्रदेश की सबसे बड़ी स्वास्थ्य घोटाले की मिसाल है। हालत यह है कि न तो मरीजों को समय पर एम्बुलेंस मिल रही है, न ही सही दवा, और अस्पतालों में भर्ती मरीज ज़मीन पर लेटकर इलाज कराने को मजबूर हैं।
अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा सरकार और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की लापरवाही और भ्रष्टाचार की वजह से आज आम जनता का जीवन खतरे में है। मंत्री क्षेत्र की जनता की पीड़ा को समझने की बजाय फीता काटने और मंचों से खोखले दावे करने में व्यस्त हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि हैं जिले में तत्काल स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया जाए, अस्पतालों में सप्लाई हुई सभी दवाओं की उच्चस्तरीय जाँच हो,नकली दवा सप्लाई करने वालों और इसमें शामिल अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का मामला दर्ज हो, गाँव-गाँव में स्वास्थ्य शिविर लगाकर मुफ्त दवा और इलाज की व्यवस्था हो,हर मरीज को समय पर एम्बुलेंस और बेड उपलब्ध कराने की गारंटी हो।
जिला अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि भाजपा सरकार और स्वास्थ्य मंत्री ने जनता की समस्याओं की अनदेखी जारी रखी तो कांग्रेस पार्टी बड़ा जनआंदोलन खड़ा करेगी।



