तमता | ग्राम पंचायत तमता के दुर्गा मंदिर परिसर में 26 अक्टूबर से 2 नवंबर तक रात्रिकालीन बाल्मीकि रामायण रामलीला का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
रविवार को रामलीला की शुरुआत स्थानीय नागरिकों और जन प्रतिनिधियों के हाथों फीता काटकर की गई। इस अवसर पर मंच को साउंड और आधुनिक लाइटों से सजाया गया था।
तमता में यह रामलीला का तीसरा आयोजन है और धार्मिक स्थान होने के कारण क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु प्रतिदिन रामलीला के पावन प्रसंगों का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। अखंड बाल्मीकि रामायण रामलीला यज्ञ का आयोजन प यश शास्त्री प्रयागराज वाले जी के द्वारा की जा रही है, जो अपनी प्रभावशाली वाणी से रामायण के पावन प्रसंगों को जीवंत कर रहे हैं। उनके सहयोगी प्रदीप कुमार चौरसिया और संचालक राम कुमार जी की टीम भी इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

धार्मिक यज्ञ और मंच की अद्भुत शैली के लिए प्रसिद्ध प यश शास्त्री जी के निर्देशन में रामलीला के हर प्रसंग को जीवित रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है, जिसे देखने के लिए लोग दूर-दूर से पहुंच रहे हैं। स्थान निवासी रमेश यादव बी डी सी जी ने बताया कि रामलीला मंचन के दौरान मुनि आगमन, तड़का वध, अहिल्या उद्धार, सीता स्वयंवर, दशरथ-केकई संवाद, वनगमन, सीता हरण, बाली वध, लक्ष्मण शक्ति, राम विलाप, हनुमान लीला, रावण वध और राम राज्याभिषेक जैसे प्रमुख प्रसंगों का सजीव प्रदर्शन किया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रतिदिन सायंकाल 7 बजे से प्रारंभ होकर देर रात तक चलाई जाती है। इस आयोजन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और लोग इसका भरपूर आनंद ले रहे हैं।



