गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत जशपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चौकी मनोरा क्षेत्र से 15 नग गौवंशों को तस्करों के चंगुल से सकुशल मुक्त कराया है।
जशपुर पुलिस अब तक सैकड़ों गौवंशों को मुक्त कर चुकी है और 50 से अधिक गौ तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है।
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि 28 अक्टूबर 2025 को चौकी मनोरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति ग्राम केसरा के जंगल से होते हुए लावा नदी पुल के रास्ते करीब 15 नग गौवंशों को पैदल हांकते हुए, मारते-पीटते झारखंड की ओर ले जा रहे हैं।
सूचना पर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक दिनेश पुरैना ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए, एसएसपी के निर्देश पर तत्काल टीम गठित कर केसरा जंगल की ओर रवाना हुए। जब पुलिस टीम लावा नदी पुल के पास पहुंची, तो दो संदिग्ध व्यक्ति तेजी से गौवंशों को हांकते नजर आए।
पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की, लेकिन पुलिस को देखते ही दोनों संदिग्ध जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से सभी 15 गौवंशों को सकुशल बरामद कर लिया और पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
फरार तस्करों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इस संबंध में चौकी मनोरा पुलिस ने छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की है।
कार्रवाई में शामिल अधिकारीगण:
- उप निरीक्षक दिनेश पुरैना, चौकी प्रभारी मनोरा
- सहायक उप निरीक्षक शांति प्रमोद टोप्पो
- प्रधान आरक्षक प्रीतम टोप्पो
- आरक्षक रोशन पैंकरा
- आरक्षक जगजीवन यादव
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि “जशपुर पुलिस द्वारा ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौ तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। चौकी मनोरा क्षेत्र से 15 गौवंशों को सकुशल बचाया गया है, और फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।”



