गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर। जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन आघात अभियान के तहत अवैध शराब कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए 10 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि 29 अक्टूबर 2025 को थाना कुनकुरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सुखबासु पारा, कुनकुरी निवासी जीतू उर्फ डैनी (30 वर्ष) दो प्लास्टिक की जरकिन में अवैध महुआ शराब भरकर गड़ाकाटा की ओर पैदल जा रहा है और बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम रवाना हुई। पुलिस ने दुर्गा पंडाल के पास मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका। पूछताछ में उसने अपना नाम जीतू उर्फ डैनी, निवासी सुखबासु पारा, कोरवा डेरा, कुनकुरी बताया।
तलाशी लेने पर झोले से दो प्लास्टिक की जरकिन बरामद हुईं, जिनमें कुल 10 लीटर कच्ची महुआ शराब पाई गई। जब आरोपी से शराब के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही हिरासत में लेकर शराब को जप्त किया और उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार यादव, प्रधान आरक्षक छविकांत पैंकरा, आरक्षक सुजीत खाखा और नगर सैनिक अजय श्रीवास्तव की सराहनीय भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि “ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस अवैध शराब कारोबारियों और नशे के सौदागरों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। क्षेत्र में नशे के अवैध व्यापार को पूरी तरह समाप्त करने के लिए सघन अभियान जारी रहेगा।”



