गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
जशपुर | जशपुर पुलिस और यूनिसेफ के संयुक्त तत्वाधान में शासकीय पोस्ट मैट्रिक छात्रावास जशपुर में “क्लिक सेफ” एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं को साइबर अपराध, डिजिटल सुरक्षा और ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को लैंगिक समानता, मानव तस्करी, बाल विवाह, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और आत्मविश्वास बढ़ाने जैसे विषयों पर भी जागरूक किया गया। जशपुर पुलिस ने बताया कि वर्तमान समय में ऑनलाइन लेन-देन और डिजिटल कम्युनिकेशन बढ़ने के साथ साइबर अपराधों में वृद्धि हुई है, ऐसे में जागरूकता ही सुरक्षा का सबसे प्रभावी साधन है।
जशपुर पुलिस द्वारा “क्लिक सेफ” अभियान के तहत साइबर योद्धा भी तैयार किए गए हैं, जो बाजार, स्कूल और सार्वजनिक स्थानों पर नागरिकों को साइबर सुरक्षा, मानव तस्करी, नशा मुक्ति और यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर रहे हैं।

कार्यक्रम में सायबर सेल से डीएसपी (अजाक) भावेश समरथ ने छात्राओं को सोशल मीडिया उपयोग से जुड़े जोखिमों को समझाते हुए सलाह दी कि अंजान फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें, फोटो-वीडियो शेयर करते समय सावधानी बरतें, OTP साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। यूनिसेफ की जिला समन्वयक शालिनी गुप्ता ने लिंग भेदभाव, बॉडी शेमिंग, बाल विवाह और मानव तस्करी के प्रभावों पर जागरूकता दी।

जशपुर पुलिस ने साइबर फ्रॉड से बचने के लिए महत्वपूर्ण सावधानियां भी जारी कीं — संदिग्ध कॉल-ईमेल से बचाव, सुरक्षित वेबसाइट्स, 2FA सक्षम करना, मजबूत पासवर्ड, सार्वजनिक वाई-फाई से दूर रहना, व्यक्तिगत जानकारी साझा न करना, डिवाइस अपडेट रखना और OTP किसी को न बताना।
पुलिस ने अपील की कि किसी भी प्रकार के साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1390, निकटतम थाना या साइबर सेल से संपर्क करें।
कार्यक्रम में डीएसपी (अजाक) भावेश समरथ, यूनिसेफ जिला समन्वयक शालिनी गुप्ता, छात्रावास अधीक्षक मिना प्रधान, पुलिस स्टाफ, कर्मचारी और छात्राएं उपस्थित रहीं।



