गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
जशपुर। आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करने और पारदर्शी पुलिसिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर जुड़ने की अपील की है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि वर्तमान डिजिटल युग में सोशल मीडिया तेजी से ऐसे मंच के रूप में उभर रहा है, जहाँ लोग अपनी समस्याएँ, सुझाव और महत्वपूर्ण जानकारियाँ त्वरित रूप से साझा कर सकते हैं।
जशपुर पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, विभाग के आधिकारिक Instagram, Facebook और Twitter (X) पेजों पर प्रतिदिन—
- पुलिस की कार्यवाहियाँ,
- जनसुरक्षा से जुड़ी जरूरी सूचनाएँ,
- तथा विभिन्न महत्वपूर्ण अपडेट
नियमित रूप से साझा किए जाते हैं, जिनसे आमजन सीधे लाभ उठा सकते हैं।
एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह ने कहा, “जनभागीदारी के बिना प्रभावी पुलिसिंग संभव नहीं। सोशल मीडिया के माध्यम से हमें नागरिकों की समस्याओं और सुझावों को सीधे समझने का अवसर मिलता है। मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूँ कि वे जशपुर पुलिस के आधिकारिक पेजों से जुड़ें और अपनी प्रतिक्रिया निडर होकर साझा करें। जनता द्वारा दिए गए सुझाव पुलिस प्रशासन के लिए अत्यंत मूल्यवान हैं और उन पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी।”
पुलिस का मानना है कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से पुलिसिंग और अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी और जनता-केंद्रित बन सकेगी।



