जशपुर | जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत बड़ी सफलता हासिल की गई है। पुलिस ने दो वर्ष से फरार चल रहे मोटरसाइकिल चोर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह मामला थाना कांसाबेल क्षेत्र से जुड़ा हुआ है।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2023 में कांसाबेल क्षेत्र में हुई मोटरसाइकिल चोरी की घटना में शामिल आरोपी रितिक कुमार पैंकरा (21 वर्ष) लंबे समय से फरार था। आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर एक घर के सामने खड़ी यामाहा मोटरसाइकिल चोरी कर फरार हो गया था। इस संबंध में थाना कांसाबेल में भारतीय दंड संहिता की धारा 379 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था।
पुलिस ने वर्ष 2023 में ही मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गई यामाहा मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली थी, लेकिन मुख्य आरोपी रितिक कुमार पैंकरा लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर था। जशपुर पुलिस उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के निर्देशन में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि फरार आरोपी रितिक कुमार पैंकरा अपने गृह ग्राम बरटोली, भागलपुर (सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र) में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके घर की घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना को स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 27 जुलाई 2023 की रात कांसाबेल में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कांसाबेल उप निरीक्षक सुनील सिंह सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जशपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन अंकुश के तहत फरार आरोपियों की गिरफ्तारी का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



