अमित दुबे की रिपोर्ट :-
बिलासपुर।खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा युवा महोत्सव के अवसर पर आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आज उस समय शोक सभा में परिवर्तित हो गया, जब प्रसिद्ध साहित्यकार एवं कवि विनोद शुक्ला के निधन की दुखद सूचना कार्यक्रम स्थल पर प्राप्त हुई। इस हृदयविदारक समाचार के बाद आयोजकों द्वारा सर्वसम्मति से कवि सम्मेलन को स्थगित करने का निर्णय लिया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं देश के प्रख्यात कवि कुमार विश्वास ने मंच से साहित्यकार विनोद शुक्ला को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी वक्ताओं ने उनके साहित्यिक योगदान को याद करते हुए कहा कि विनोद शुक्ला न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे हिंदी साहित्य जगत की अमूल्य धरोहर थे, जिनकी रचनाएं आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेंगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रात्रि 9 बजे प्रस्तावित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। कार्यक्रम स्थल पर दीर्घाओं में बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी एवं श्रोता मौजूद थे। मंच सज्जा, ध्वनि व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाएं पूर्ण हो चुकी थीं। इसी बीच विनोद शुक्ला के निधन की सूचना मिलते ही पूरे परिसर में शोक की लहर दौड़ गई और वातावरण गंभीर हो गया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने उपस्थित श्रोताओं को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे महान साहित्यकार के निधन के बाद कवि सम्मेलन का आयोजन करना उचित नहीं होगा। उन्होंने श्रोताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए आश्वस्त किया कि निकट भविष्य में कवि कुमार विश्वास सहित आज आमंत्रित सभी कवियों की उपस्थिति में एक भव्य एवं गरिमामय कवि सम्मेलन का आयोजन पुनः किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आयोजन की नई तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी।
कार्यक्रम के स्थगन के बावजूद आयोजन स्थल पर मौजूद श्रोताओं ने निर्णय का सम्मान किया और साहित्यकार विनोद शुक्ला के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। पूरा कार्यक्रम स्थल कुछ देर के लिए मौन श्रद्धांजलि में डूबा रहा।
विनोद शुक्ला के निधन से साहित्य जगत को अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।



