सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर – सोनपुर के समीप ओरछाकुरई निवासी एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म कर कुल्हाड़ी से हत्या किए जाने की हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। इस घटना पर जिला कांग्रेस कमेटी एवं समस्त कांग्रेसजनों ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए मृत बालिका के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।
घटना के विरोध एवं मृत बालिका की आत्मा की शांति के लिए जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में जय स्तम्भ चौक पर मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पूर्व जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विपक्ष नेताओं ने कहा की आदिवासी बहुल क्षेत्र में एक आदिवासी नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म कर निर्मम हत्या किए जाने की हृदयविदारक घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। इस अमानवीय कृत्य पर जहां पूरा आदिवासी समाज आक्रोशित है, वहीं सत्ताधारी भाजपा के आदिवासी नेतृत्व की चुप्पी बेहद शर्मनाक और निंदनीय है।
जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि जब दिल्ली में निर्भया कांड हुआ था, तब अबूझमाड़ सहित देशभर में भाजपा के नेता और कार्यकर्ता मोमबत्ती जलाकर दिखावटी संवेदनाएं प्रकट कर रहे थे, लेकिन आज जब आदिवासी क्षेत्र में एक आदिवासी बेटी की अस्मिता रौंदी गई, तब भाजपा के एक भी आदिवासी नेता द्वारा श्रद्धांजलि तक नहीं दी गई। यह भाजपा की दोहरी नीति और आदिवासी विरोधी सोच को उजागर करता है।
कांग्रेस नेताओं ने इस अमानवीय कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए दोषी को कठोरतम सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है। श्रद्धांजलि सभा के अंत में दो मिनट का मौन रखकर मृत बालिका को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीवान, शहर अध्यक्ष रघु मानिकपुरी, ब्लॉक अध्यक्ष रवि देवांगन, जिला कांग्रेस सचिव संजय राय, एन एस यू आई प्रदेश सचिव जय वट्टी, जिलाध्यक्ष विजय सलाम, वरिष्ठ कोंग्रेसी वीपी शुक्ला, माधेश्वर जैन, यूथ कांग्रेस कार्यकर्त्ता, राकेश केशरिया, मनोज सेन, किसलय देवांगन, एवं अन्य कांग्रेस कार्यकर्त्ता उपस्थित थे!




