गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
नशे के कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन आघात के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना नारायणपुर क्षेत्र अंतर्गत पुलिस ने रानीकोंबो के पास नाकाबंदी के दौरान एक क्रेटा कार से करीब 01 क्विंटल 85 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित बाजार कीमत 55 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के निर्देशन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन आघात के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की क्रेटा कार में गांजा छुपाकर कुनकुरी होते हुए नारायणपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना नारायणपुर एवं थाना बगीचा की संयुक्त टीम ने ग्राम रानीकोंबो के मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
20 जनवरी 2026 की तड़के लगभग 3 से 4 बजे के बीच जैसे ही संदिग्ध क्रेटा कार (क्रमांक UP-32-HF-0299) मौके पर पहुंची, पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी के दौरान कार की बीच सीट के नीचे और डिक्की में कारपेट के नीचे छुपाकर रखे गए पीली टेप से लिपटे 180 पैकेट गांजा बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 1 क्विंटल 85 किलो 42 ग्राम निकला।
पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को हिरासत में लेते हुए गांजा, तस्करी में प्रयुक्त कार और मोबाइल फोन जब्त कर लिए। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान शान मोहम्मद उर्फ सानू (22 वर्ष), निवासी लखनऊ एवं सुहैल अहमद (19 वर्ष), निवासी सीतापुर, उत्तर प्रदेश के रूप में बताई। आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह गांजा ओडिशा के मलकानगिरी से उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर लखनऊ में सक्रिय एक अन्य तस्कर को भी चिन्हित कर लिया है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
इस मामले में थाना नारायणपुर में दोनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट की धारा 20(बी)(2)(सी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक अमरबेल मिंज, अनिल कामरे, नरेश मिंज, प्रधान आरक्षक उमेश मिंज सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ऑपरेशन आघात के तहत आने वाले समय में भी नशे के सौदागरों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और इस अवैध धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।



