गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर। जशपुर जिले के चौकी सोनक्यारी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरडीह में इब नदी से मिले शव के मामले में जशपुर पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामूली विवाद में शराब के नशे में की गई मारपीट से वृद्ध की मौत हो गई थी।
पुलिस के अनुसार, 20 जनवरी 2026 को ग्राम सरडीह के पास इब नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर चौकी सोनक्यारी पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान रामचंद्र राम (60 वर्ष), निवासी ग्राम सरडीह के रूप में हुई। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया।
पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि
डॉक्टर द्वारा जारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हत्यात्मक पाए जाने पर पुलिस ने चौकी सोनक्यारी में अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
आखिरी बार आरोपी के साथ देखा गया मृतक
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के परिजनों, ग्रामीणों और सहकर्मियों से पूछताछ की। इसी बीच एक ट्रैक्टर चालक ने पुलिस को बताया कि 19 जनवरी 2026 की शाम वह, मृतक रामचंद्र राम और आरोपी सुबोध बेक इब नदी के पास शराब पी रहे थे। काम पड़ने पर वह वहां से चला गया, जबकि मृतक और सुबोध बेक वहीं रुके थे।
इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुबोध बेक (28 वर्ष) को ग्राम सरडीह से हिरासत में लिया।
पूछताछ में किया अपराध स्वीकार
कड़ी पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब के नशे में दोनों के बीच मामूली विवाद हुआ था। इसी दौरान पहले मृतक ने उसे लात मारी, जिससे नाराज होकर उसने मृतक के सिर और सीने पर हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से रामचंद्र राम वहीं गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस पूरे मामले को सुलझाने में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बगीचा दिलीप कुमार कोसले, थाना प्रभारी सन्ना उप निरीक्षक संतोष सिंह, चौकी प्रभारी सोनक्यारी सहायक उप निरीक्षक वैभव सिंह, प्रधान आरक्षक रामदेव राम, विशाल गुप्ता, विजय खूंटे तथा आरक्षक विमल मिंज और मनोज एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि नदी में मिले शव के मामले में पुलिस ने त्वरित और सटीक जांच कर हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिले में अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।



