सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर: नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जिला पुलिस को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित किया गया है। जिला प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा और मंत्री केदार कश्यप ने डीआरजी जवानों को 200 नई मोटरसाइकिलें सौंपकर अभियान को गति देने की पहल की।
इन दोपहिया वाहनों को विशेष रूप से दुर्गम और वन क्षेत्रों में त्वरित आवाजाही के लिए उपलब्ध कराया गया है। पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देश पर मिली ये मोटरसाइकिलें डीआरजी और केंद्रीय बलों के साथ-साथ थानों और कैंपों में तैनात जवानों को वितरित की जा रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि इससे नक्सल विरोधी अभियानों की रफ्तार बढ़ेगी और पुलिस की पहुंच सुदूर इलाकों तक और मजबूत होगी।
कार्यक्रम के दौरान मंत्रियों ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद जवानों को हेलमेट सहित वाहन सौंपे और हरी झंडी दिखाकर उन्हें ऑपरेशनल किया। यह पहल वर्ष 2020 में शुरू की गई योजना का विस्तार है, जिसकी शुरुआत 50 मोटरसाइकिलों के साथ हुई थी।
प्रभारी मंत्री वर्मा ने कहा कि आधुनिक संसाधनों की उपलब्धता से न केवल सुरक्षा अभियान मजबूत होंगे, बल्कि प्रशासनिक कार्यों के त्वरित निष्पादन में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों को गति मिलेगी।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ। स्थानीय स्तर पर इसे सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



