अमित दुबे की रिपोर्ट:-
रतनपुर (जिला बिलासपुर, छत्तीसगढ़)।मध्यप्रदेश से कास्टिक केमिकल लेकर झारसुगुड़ा (ओडिशा) की ओर जा रहा एक टैंकर शुक्रवार को रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत घासीपुर के पास अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। रसायन से भरे टैंकर के पलटते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैंकर तेज रफ्तार में था और घासीपुर के पास मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन सड़क किनारे पलट गया। टैंकर के पलटते ही केमिकल रिसाव की आशंका से ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए। कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।

सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित कराया। पुलिस ने एहतियातन आम नागरिकों को टैंकर से दूर रहने की हिदायत दी। साथ ही संबंधित परिवहन कंपनी और आपदा प्रबंधन दल को भी सूचना दी गई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, टैंकर में कास्टिक सोडा (सोडियम हाइड्रॉक्साइड) भरा हुआ था, जो अत्यंत संक्षारक रसायन माना जाता है। हालांकि प्रारंभिक जांच में बड़े स्तर पर रिसाव की पुष्टि नहीं हुई है, फिर भी सुरक्षा के मद्देनज़र आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
हादसे में चालक को हल्की चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस द्वारा क्रेन की सहायता से टैंकर को सीधा करने और मार्ग को सुचारू करने की प्रक्रिया जारी रही।
प्रशासन ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और सड़क के मोड़ को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।



