अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए रतनपुर पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना रतनपुर पुलिस ने दो अलग-अलग ग्रामों में दबिश देकर कुल 85 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त करते हुए दो आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खेरखुंडी एवं ग्राम रिगवार में अवैध रूप से महुआ शराब का निर्माण एवं विक्रय किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों स्थानों पर अलग-अलग दबिश दी।

पहली कार्रवाई ग्राम पंचायत खेरखुंडी में की गई, जहां लक्की प्रसाद प्रजापति के घर की तलाशी लेने पर लगभग 60 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही शराब को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।
इसी क्रम में ग्राम रिगवार में दबिश देकर शिव शंकर धनुहार के ठिकाने से 25 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब को जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

थाना प्रभारी निलेश पांडेय ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए पुलिस की तत्परता की सराहना की है।



