सुरेश सोनी
नारायणपुर को बड़ी सौगात:गढ़बेंगाल चौक से मानसरोवर बखरूपारा तक 2 किमी सड़क सुदृढ़ीकरण के लिए 11.31 करोड़ रुपये स्वीकृत
नारायणपुर – विकास की नई गति के साथ नारायणपुर निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। इसी क्रम में केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्ग-130D (कोंडागांव–नारायणपुर–कुतुल मार्ग) के अंतर्गत गढ़बेंगाल चौक से मानसरोवर बखरूपारा तक लगभग 2.00 किलोमीटर सड़क के सुदृढ़ीकरण के लिए 11.31 करोड़ रुपये की प्रशासनिक, तकनीकी एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। यह स्वीकृति वार्षिक योजना 2025-26 के तहत नारायणपुर शहर क्षेत्र में किलोमीटर 45.200 से 47.200 तक सड़क के एकमुश्त सुधार कार्य के लिए दी गई है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार इस परियोजना के तहत सड़क को आधुनिक तकनीकी मानकों के अनुरूप और अधिक मजबूत, टिकाऊ व सुरक्षित बनाया जाएगा। इससे शहर के भीतर यातायात व्यवस्था पहले से अधिक सुगम, व्यवस्थित और सुरक्षित होगी, साथ ही आम नागरिकों को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि 07 जनवरी 2026 को नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं छत्तीसगढ़ सरकार में कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने नई दिल्ली में भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी जी से भेंट कर नारायणपुर शहर में एनएच-130D की जर्जर स्थिति से अवगत कराया था और इसके शीघ्र सुदृढ़ीकरण के लिए लिखित आग्रह पत्र सौंपा था। उनके सतत प्रयासों और सक्रिय पहल का ही परिणाम है कि अब इस महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति मिल गई है, जिसे नारायणपुर के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देशभर में आधारभूत संरचना के विकास को नई दिशा और गति मिली है। वहीं छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में दूरस्थ एवं आदिवासी अंचलों के समग्र विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी विकास दृष्टि का परिणाम है कि नारायणपुर जैसे अंचल में भी सड़क, संचार और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में निरंतर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
इस संबंध में विधायक एवं कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि डबल इंजन सरकार के संयुक्त प्रयासों से नारायणपुर सहित पूरे बस्तर अंचल में विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति मिली है। उन्होंने कहा कि गढ़बेंगाल चौक से मानसरोवर बखरूपारा तक सड़क के सुदृढ़ीकरण से नारायणपुर शहर की यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा कोंडागांव–नारायणपुर–कुतुल मार्ग से आवागमन करने वाले हजारों नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया तथा कहा कि सरकार दूरस्थ क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
निर्धारित योजना के अनुसार वर्ष 2025-26 में परियोजना का प्रारंभिक कार्य प्रारंभ किया जाएगा, जबकि 2026-27 तक निर्माण कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। सड़क के सुदृढ़ीकरण से न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि क्षेत्र के व्यापार, आवागमन, पर्यटन और समग्र आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
इस स्वीकृति पर क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भाजपा की डबल इंजन सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी जी तथा क्षेत्र के विधायक व कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप जी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि ऐसे विकास कार्यों से नारायणपुर तेजी से संवर रहा है और आने वाले समय में यह क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।



