गणेश भोय ब्यूरो चीफ
तमता । पत्थलगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत चंदागढ़ और पंडरी पानी की सीमा पर सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद तमता-लुड़ेग मंडल अध्यक्ष विशाल अग्रवाल ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों को अपने निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार दोपहर करीब 3 बजे की है। चिमटा पानी निवासी कटहलू केरकेट्टा (40 वर्ष) अपनी बेटी को पंडरी पानी स्थित हॉस्टल से लेकर घर जा रहे थे। इसी दौरान तमता की ओर से आ रहे लक्ष्मण सिदार (30 वर्ष) और विश्राम सिदार (32 वर्ष), निवासी लैलूंगा, अपनी मोटरसाइकिल से पंडरी पानी की ओर जा रहे थे। चंदागढ़-पंडरी पानी सीमा पर स्थित एक अचानक आए मोड़ पर दोनों मोटरसाइकिलों में सीधी भिड़ंत हो गई, जिससे तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद एक घायल को उसके परिचित ने अपनी मोटरसाइकिल से तमता प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहीं, अन्य दो घायल सड़क पर दर्द से कराह रहे थे। इसी बीच शेखरपुर की ओर से आ रहे तमता-लुड़ेग मंडल अध्यक्ष विशाल अग्रवाल एवं महा मंत्री लक्ष्मी नारायण यादव की नजर घायलों पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए अपनी निजी गाड़ी रोकी और दोनों घायलों को तत्काल तमता प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों को घायलों का त्वरित और उचित उपचार करने के निर्देश भी दिए।
अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, घायलों के हाथ और पैरों एवं अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल सभी का उपचार जारी है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने मंडल अध्यक्ष द्वारा समय पर की गई मदद की सराहना की है।



