अमित दुबे की रिपोर्ट
मल्हार – छत्तीसगढ़ी सिनेमा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के उद्देश्य से बन रही बहुप्रतीक्षित फिल्म “भुइयां” की टीम गुरुवार को ऐतिहासिक नगरी मल्हार पहुंची। फिल्म का प्रदर्शन आगामी 24 अप्रैल को सिनेमाघरों में होने जा रहा है, जिसे लेकर टीम ने जोरदार प्रचार-प्रसार अभियान शुरू कर दिया है।
निर्देशक एस. डी. बड़गैया के निर्देशन में फिल्म की टीम ने मल्हार में पहुंचकर स्थानीय लोगों से संवाद किया और फिल्म के प्रति उत्साह बढ़ाया।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री के निज सचिव उमेश मानिकपुरी, जनप्रतिनिधि, फिल्म के मुख्य हीरो अमर तिवारी, अभिनेता-गायक संतोष शेखर सोनी, अभिनेत्री वर्षा सारथी, दीक्षा साहू, मुख्य हीरोइन ग्रेसी तिवारी, अभिनेता शेखर सोनी, रघुवीर प्रताप और सावन कुमार सोनी सहित कई कलाकार उपस्थित रहे।
टीम ने मल्हार स्थित ठाकुर देव स्थल पर पहुंचकर फिल्म का प्रचार किया, जहां बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे मौजूद रहे। कलाकारों की एक झलक पाने के लिए ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इससे पहले मल्हार विकास मंच के अध्यक्ष संजीव पांडे के नेतृत्व में मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष अनिल केवट, कवि-लेखक व उद्घोषक शेष नारायण गुप्ता, महेश्वर कैवर्त्य, चंदू, अमर दुखवा, राम हरि, संतोष, दुखीराम, महेंद्र यादव सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने कलाकारों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। उन्हें श्रीफल, छायाचित्र और चुनरी भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अभिनेता-गायक शेखर सोनी ने आगामी 7 जून को मल्हार के प्रतिस्थापना दिवस पर पुनः आने और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने का संकल्प दोहराया।
सबसे खास बात यह रही कि फिल्म टीम ने मां डिडिनेश्वरी देवी की पौराणिक कथा और आस्था पर आधारित एक नई फिल्म बनाने की योजना को भी सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया। इस घोषणा से स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने इस पहल का जोरदार स्वागत किया।
ग्रामवासियों ने छत्तीसगढ़ी फिल्म कलाकारों को अपने बीच पाकर गर्व और उत्साह व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में सांस्कृतिक माहौल बना रहा और लोगों ने फिल्म “भुइयां” की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
कुल मिलाकर, मल्हार में आयोजित यह प्रमोशनल कार्यक्रम न केवल फिल्म के प्रचार के लिए महत्वपूर्ण रहा, बल्कि स्थानीय संस्कृति और आस्था को सिनेमा से जोड़ने की दिशा में भी एक अहम कदम साबित हुआ।




