184 आवेदनों पर त्वरित निराकरण के निर्देश
ग्रामीणों से सीधे संवाद कर कलेक्टर ने सुनी समस्याएं
उप स्वास्थ्य केंद्र के जीर्णोद्धार और शौचालय निर्माण की घोषणा, हितग्राहियों को मिला लाभ
नारायणपुर, 15 अप्रैल 2025 // सुशासन आपके द्वार अभियान के तहत जिला नारायणपुर के जनपद पंचायत नारायणपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत एड़का में 14 अप्रैल को एक दिवसीय जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना और उन्हें शासन की योजनाओं से अधिकाधिक जोड़ना रहा।
शिविर में कलेक्टर नम्रता जैन ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचे और पात्र हितग्राहियों को बिना विलंब लाभ मिले।
इस अवसर पर ग्राम एड़का सहित गरांजी, गढ़बेंगाल, देवगांव, तेरदूल, बोरपाल, इरको, आमासरा और ताडोपाल के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कुल 184 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कुम्हार समाज द्वारा मिट्टी की व्यवस्था की मांग पर कलेक्टर ने सकारात्मक आश्वासन दिया।
शिविर के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम ने भी निरीक्षण कर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने उप स्वास्थ्य केंद्र एड़का में अतिरिक्त कक्ष के जीर्णोद्धार और शौचालय निर्माण की स्वीकृति की घोषणा की। साथ ही हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरित किए गए और बुजुर्गों को छड़ी प्रदान कर सहायता दी गई।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य श्री संतनाथ उसेंडी, सरपंच श्रीमती अन्तकला दुग्गा, एसडीएम नारायणपुर अभयजीत मंडावी सहित जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।



