तमता। शासन के निर्देशानुसार आमजन की राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु जिले में राजस्व शिविरों का आयोजन निरंतर जारी है। इसी क्रम में आज तहसील पत्थलगांव के ग्राम पंचायत तमता में विशेष राजस्व शिविर लगाया गया, जहाँ वर्षों से लंबित एक रास्ता विवाद को मौके पर ही सुलझा लिया गया।
शिविर के दौरान ग्राम तमता निवासी रतनराम (पिता बैजू) द्वारा आवागमन की सुविधा के लिए रास्ते की मांग संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया गया था। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त तहसीलदार पत्थलगांव की उपस्थिति में ग्राम पंचायत के सरपंच, उप-सरपंच और पंचों के साथ स्थल निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के पश्चात आपसी सहमति से रतनराम को उनके आवास तक जाने के लिए 5 फीट चौड़ा कच्चा रास्ता प्रदान किया गया। इस समाधान की पुष्टि हेतु मौके पर ही ‘पंचनामा’ तैयार कर सभी संबंधित पक्षों और गवाहों के हस्ताक्षर कराए गए, जिससे वर्षों की समस्या का अंत हुआ।
शिविर में पहुंचे अतिरिक्त तहसीलदार ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ग्रामीणों को राजस्व विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर जोर दिया:
ऑनलाइन प्रक्रिया अब अविवादित नामांतरण और बंटवारा के लिए ग्रामीणों को तहसील कार्यालय के चक्कर काटने की आवश्यकता नहीं है।
ग्राम पंचायत प्रस्ताव के माध्यम से सचिव की ID का उपयोग कर इन प्रकरणों को ऑनलाइन दर्ज किया जा सकता है।
शिविरों का मुख्य उद्देश्य “गांव की समस्या का गांव में ही समाधान” करना है।
इस विशेष शिविर में राजस्व अमले के साथ पटवारी (हल्का नंबर 15), ग्राम पंचायत तमता के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मौके पर ही समस्याओं के निराकरण से समय और धन दोनों की बचत हो रही है।

राजस्व पखवाड़ा शिविर में प्राप्त आवेदन पत्र का तत्काल निराकरण कर रतन राम यादव को आने जाने का रास्ता दिलाया गया। ग्राम पंचायत तमता



