जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु समाधान शिविरों का व्यापक आयोजन*
*ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में तय तिथि-स्थान पर लगेंगे शिविर, आमजन को मिलेगा सीधा लाभ*
*बेमेतरा 30 अप्रैल 2026:-* जिले में कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के मार्गदर्शन और नेतृत्व में सुशासन तिहार 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत जिले में समाधान शिविरों के आयोजन के लिए तिथि और स्थान निर्धारित कर दिए गए हैं। इन शिविरों में नागरिकों से उनकी समस्याओं, मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए जाएंगे तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहकर यथासंभव मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करेंगे। कलेक्टर ने सभी जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अधिक से अधिक लोगों को शिविरों में लाभान्वित किया जाए और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।
*अभियान का उद्देश्य और लाभ*
सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य शासन-प्रशासन को सीधे आमजन तक पहुंचाना और उन्हें कार्यालयों के चक्कर से राहत देना है। इस पहल के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और संतोषजनक निराकरण किया जाएगा। इसके साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा, जिससे समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित हो सके। अभियान से लंबित प्रकरणों का तेजी से निपटारा होगा, प्रशासनिक जवाबदेही बढ़ेगी और जनभागीदारी को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
*ग्रामीण क्षेत्रों में 23 समाधान शिविर*
*विकासखंड बेमेतरा*
विकासखंड बेमेतरा में 6 समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। 5 मई को ग्राम पंचायत मोहरेगा, 8 मई को सेमरिया, 13 मई को धोलिया, 18 मई को खिलोरा, 22 मई को चोरभट्टी तथा 3 जून को बैहरसरी में शिविर लगाए जाएंगे।
*विकासखंड बेरला*
बेरला विकासखंड में कुल 5 शिविर आयोजित होंगे। 5 मई को सलधा, 15 मई को रेवे, 22 मई को आनंदगांव, 29 मई को सांकरा तथा 9 जून को लाटा में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
*विकासखंड नवागढ़*
नवागढ़ में कुल 6 समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। 7 मई को मोहतरा, 12 मई को नारायणपुर, 18 मई को कुरा, 21 मई को कटई, 26 मई को झांकी तथा 4 जून को खेड़ा में शिविर लगाए जाएंगे।
*विकासखंड साजा*
साजा विकासखंड में भी 6 शिविर आयोजित किए जाएंगे। 6 मई को दर्री, 13 मई को घीवरी, 15 मई को ठेलका, 19 मई को बिरनपुर, 22 मई को तेंदूभाठा तथा 3 जून को गाड़ाडीह में शिविर आयोजित होंगे।
*नगरीय निकायों में 15 समाधान शिविर*
नगरीय क्षेत्रों में भी आमजन की सुविधा के लिए 15 समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। नगर पालिका परिषद बेमेतरा में 13 मई को गांधी भवन वार्ड 4, 20 मई को सिंघोरी स्थित कबीर कुटी सांस्कृतिक मंच तथा 28 मई को भद्रकाली मंदिर परिसर में शिविर लगाए जाएंगे।
नगर पंचायत भीभोरी में 14 मई, दाढ़ी में 28 मई, देवकर में 29 मई, कुसमी में 14 मई, मारो में 28 मई को शिविर आयोजित होंगे।
नगर पंचायत नवागढ़ में 22 मई को वार्ड 15 सतनाम भवन, 28 मई को वार्ड 10 कार्यालय भवन और 3 जून को वार्ड 14 टाउन हॉल में शिविर लगाए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त परपोड़ी में 28 मई (वार्ड 7 मंगल भवन), साजा में 20 मई (वार्ड 13 नगर भवन), थानखमहारीया में 21 मई (नगर पंचायत कार्यालय) तथा बेरला में 5 जून को नगर पंचायत कार्यालय में समाधान शिविर आयोजित किया जाएगा।
*शासन की पहल से बढ़ेगा जनविश्वास*
सुशासन तिहार 2026 केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शासन की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह पहल “सरकार आपके द्वार” की अवधारणा को साकार करते हुए प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास को मजबूत करेगी। इस अभियान से न केवल समस्याओं का समाधान होगा, बल्कि विकास कार्यों को भी नई गति मिलेगी और आम नागरिकों को शासन की योजनाओं का सीधा लाभ प्राप्त होगा।



