बुलंद टाइम्स बालोद ब्यूरो चीफ याद राम साहू मो, 9009338660
गुंडरदेही: ग्राम मटिया में आयोजित ‘जनसमस्या निवारण शिविर’ उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब कांकेर सांसद भोजराज नाग ने प्रशासन के दावों की पोल खोल दी। शिविर में जिला प्रशासन द्वारा यह दावा किया गया था कि प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण कर दिया गया है, लेकिन वास्तविकता इसके ठीक उलट निकली।
*निराकरण के दावों की खुली पोल*
शिविर के दौरान जब सांसद भोजराज नाग ने स्वयं उपस्थित ग्रामीणों और विभिन्न विभागों (PHE, स्वास्थ्य आदि) के लोगों से चर्चा की, तो यह तथ्य सामने आया कि समस्याओं का समाधान कागजों पर तो हो गया है, लेकिन धरातल पर लोग आज भी परेशान हैं। सांसद ने पाया कि कई गंभीर शिकायतों को बिना सुलझाए ही ‘निराकृत’ घोषित कर दिया गया है।
*कागजी आंकड़ों पर सांसद का फूटा गुस्सा*
शिविर के दौरान जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई कि कुल 50 आवेदन (प्रकरण) प्राप्त हुए थे और उन सभी 50 आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण कर दिया गया है। प्रशासन के इस दावे पर संदेह होने पर सांसद भोजराज नाग ने जब मंच से ही सीधे जनता और संबंधित विभाग के लोगों से वास्तविकता पूछी, तो अधिकारियों की पोल खुल गई। लोगों ने बताया कि उनकी समस्याओं का कोई समाधान नहीं हुआ है।
*”जनता को बेवकूफ मत बनाओ” – मंच पर ही लगाई फटकार*
आंकड़ों में हेराफेरी और धरातल पर काम शून्य देख सांसद महोदय बेहद नाराज दिखे। उन्होंने मंच पर ही अधिकारियों को फटकार लगाते हुए सख्त लहजे में कहा, “जनता को बेवकूफ मत बनाओ। गलत आंकड़े पेश कर सरकार की छवि धूमिल करने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
उन्होंने कलेक्टर, एसडीएम और विभाग प्रमुखों को चेतावनी दी कि किसी भी आवेदन को तब तक ‘निराकृत’ न माना जाए जब तक कि शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट न हो जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक समाधान न हो, उसे ‘लंबित’ ही दिखाया जाए। और लोगों की समस्याओं का शत प्रतिशत समाधान किया जाए ।
*सांसद ने दोटूक शब्दों में कहा कि यदि जिला प्रशासन का यही ढुलमुल रवैया रहा और जन समस्याओं का शत-प्रतिशत निराकरण नहीं हुआ, तो वे इसकी लिखित शिकायत सीधे शासन से करेंगे।*
पत्रकार वार्ता और शिविर के दौरान सांसद के साथ मुख्य रूप से:
तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर (अध्यक्ष, जिला पंचायत),वीरेंद्र साहू (पूर्व विधायक),कांति सोमेश्वरी (सदस्य, जिला पंचायत),नरेश यादव (उपाध्यक्ष, केंद्रीय बैंक दुर्ग),
प्रमोद जैन (अध्यक्ष, नगर पंचायत गुंडरदेही),टोमन साहू (भाजपा नेता)
जीतू विश्वास गुप्ता (भाजपा मंडल अध्यक्ष, अर्जुंदा),राजू अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।




