Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/रुपचंद जैन
बालोद। नकटी ग्राम में प्रशासन द्वारा की गई बुलडोजर कार्रवाई के बाद अब प्रभावित परिवारों के घरों और आसपास के क्षेत्रों में कांटेदार तार लगाकर फेंसिंग तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी किए जाने की खबर अत्यंत चिंताजनक है। यह स्थिति संवेदनशील और मानवीय दृष्टिकोण से अनुचित प्रतीत होती है।
जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के महामंत्री श्री भोजराज साहू का मानना है कि किसी भी नागरिक के पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था की समस्या का समाधान संवेदनशीलता एवं संवाद के माध्यम से किया जाना चाहिए। प्रभावित परिवार पहले ही अपने आशियाने और जीवनभर की जमा-पूंजी खोने की पीड़ा झेल रहे हैं। ऐसे समय में सुरक्षा के नाम पर कठोर व्यवस्थाएं लागू करना उनके मानसिक और सामाजिक कष्ट को और बढ़ाने वाला कदम है।
कांग्रेस पार्टी लगातार मांग करती रही है कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, आवास, आजीविका और मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सरकार को चाहिए कि वह प्रभावित लोगों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान निकाले तथा किसी भी प्रकार के दमनात्मक रवैये से बचे।
नकटी ग्राम के प्रभावित परिवारों की लड़ाई केवल जमीन या मकान की नहीं, बल्कि सम्मानजनक जीवन और न्याय की लड़ाई है। कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है और उनकी जायज मांगों के समर्थन में संघर्ष जारी रखेगी।
राज्य सरकार से आग्रह है कि तत्काल प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की स्पष्ट कार्ययोजना सार्वजनिक करे तथा उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए ठोस कदम उठाए।



