Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस द्वारा नागरिक संगठनों के सहयोग से शनिवार को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तखतपुर में छात्राओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “मासिक धर्म जागरूकता कार्यक्रम” आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किशोरियों को मासिक धर्म से जुड़ी वैज्ञानिक जानकारी, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, स्वास्थ्य सुरक्षा तथा सामाजिक भ्रांतियों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और आत्मरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद तखतपुर की अध्यक्ष डॉ. पूजा मक्कड़ ने की। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ। विशेषज्ञों ने छात्राओं को बताया कि मासिक धर्म महिलाओं के जीवन की एक सामान्य एवं प्राकृतिक प्रक्रिया है, जिसे लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना आवश्यक है। उन्होंने इस दौरान स्वच्छता, पोषण और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा के साथ स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता भी विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने किशोरियों को सही जानकारी प्राप्त कर स्वास्थ्य, शिक्षा और अनुशासन को जीवन का आधार बनाने का संदेश दिया।
डीआईजी-एसएसपी रजनेश सिंह ने छात्राओं को आत्मविश्वासी, सजग और निर्भीक बनने की प्रेरणा देते हुए साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पूजा मक्कड़ ने कहा कि स्वस्थ एवं शिक्षित बेटियां ही समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने मासिक धर्म जैसे विषयों पर खुलकर चर्चा करने और सकारात्मक सोच विकसित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान मिडिल स्कूल की छात्राओं को कॉपी, पेन, पेंसिल सहित शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। साथ ही उत्कृष्ट योगदान देने वाली छात्राओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं संस्था प्रमुखों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे ने छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी देते हुए दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और आम नागरिकों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम में आर्यन फिल्म एवं पूर्व यातायात एसआई उमाशंकर पाण्डेय ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
अंत में प्रभारी प्राचार्य जितेंद्र शुक्ला ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विद्यालय परिवार, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा बड़ी संख्या में छात्राओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।



