Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
बिलासपुर। रतनपुर से केंदा को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे पर ग्राम मझवानी के पास लगातार हो रही बारिश ने सड़क की स्थिति को बेहद खराब कर दिया है। सड़क किनारे मिट्टी धंसने, दलदल बनने और पानी के तेज बहाव से सड़क का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के कारण मार्ग पर आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। हालात ऐसे हैं कि दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और यात्रियों को घंटों तक जाम का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के चलते सड़क के किनारे की मिट्टी बह जाने से मार्ग का बड़ा हिस्सा कमजोर हो गया है। सड़क पर कीचड़ और दलदल बनने से भारी वाहनों के साथ-साथ बस, कार और दोपहिया वाहन चालकों को भी जोखिम उठाकर गुजरना पड़ रहा है। एहतियात के तौर पर वाहन बेहद धीमी गति से निकाले जा रहे हैं, जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई है।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि सड़क की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। यदि समय रहते मरम्मत और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग से तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने, क्षतिग्रस्त हिस्से को सुरक्षित करने और यातायात को सुचारु बनाने की मांग की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मार्ग से गुजरने वाले यात्री और मालवाहक वाहन लंबे समय तक जाम में फंसे रहे, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यह मार्ग रतनपुर, केंदा और आसपास के क्षेत्रों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, इसलिए प्रशासन से जल्द से जल्द आवश्यक कदम उठाने की अपेक्षा की जा रही है।



