Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
बिलासपुर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए थाना रतनपुर पुलिस द्वारा बुधवार को स्वामी आत्मानंद कन्या विद्यालय में “महिला एवं बालकों के विरुद्ध चेतना कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, अपराधों से बचाव की जानकारी देना तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी बनाना रहा।
यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) द्वारा जिले में संचालित बहुउद्देशीय “चेतना कार्यक्रम” के अंतर्गत आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह तथा एसडीओपी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना रतनपुर पुलिस की टीम द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध, नशे के दुष्प्रभाव तथा विभिन्न कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। छात्राओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि या अपराध की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को सूचना दें।
पुलिस अधिकारियों ने Good Touch और Bad Touch की सरल भाषा में जानकारी देते हुए बच्चों को पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के प्रावधानों और बाल अधिकारों से अवगत कराया। साथ ही महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों जैसे छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना एवं अन्य अपराधों से बचाव के उपाय तथा उनसे संबंधित कानूनी अधिकारों की भी जानकारी दी गई।
साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए छात्राओं को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, साइबर बुलिंग तथा अन्य साइबर अपराधों से बचने के तरीके बताए गए। पुलिस ने समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें और संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
कार्यक्रम में छात्राओं को आपातकालीन सहायता के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी गई। इनमें 112 (आपातकालीन सेवा), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन) तथा 100 (पुलिस सहायता) शामिल हैं।
अधिकारियों ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं का तत्काल उपयोग कर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
आत्मरक्षा एवं आत्मविश्वास पर भी विशेष सत्र आयोजित किया गया,
जिसमें छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों में साहस के साथ अपनी सुरक्षा करने, सतर्क रहने तथा किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के खिलाफ बिना भय अपनी आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए कानून का पालन करने और समाज के जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में थाना रतनपुर पुलिस ने कहा कि ऐसे जागरूकता अभियान आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि महिलाएं और बालिकाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर सुरक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें l




