Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
रतनपुर। नगर की बदहाल मूलभूत सुविधाओं को लेकर रतनपुर नगर पालिका परिषद में विपक्ष ने अब आक्रामक रुख अपना लिया है।
कांग्रेस पार्षद दल एवं विधायक प्रतिनिधि ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपते हुए नगर में व्याप्त बिजली, पेयजल, सड़क, नाली, सफाई सहित अन्य नागरिक समस्याओं के निराकरण के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय-सीमा के भीतर व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो जनहित में उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।
ज्ञापन में कहा गया है कि लंबे समय से नगर के विभिन्न वार्डों में मूलभूत सुविधाएं प्रभावित हैं।
बरसात के मौसम में जगह-जगह जलभराव, गंदगी, जाम नालियां और पेयजल संबंधी समस्याओं के कारण नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद नगर पालिका प्रशासन समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहा है, जिससे आम लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।
नेता प्रतिपक्ष पुष्पकांत कश्यप ने कहा कि नगर की समस्याओं को लेकर कई बार मौखिक एवं लिखित रूप से नगर पालिका प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अधिकारियों और कर्मचारियों ने कोई ठोस पहल नहीं की। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और अन्य आवश्यक सेवाओं में सुधार नहीं किया गया तो बरसात के कारण डायरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए विपक्ष ने प्रशासन को अंतिम अवसर देते हुए एक सप्ताह का समय दिया है। यदि इसके बाद भी स्थिति नहीं सुधरी तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद सुनील अग्रवाल ‘संटी’ ने कहा कि नगर पालिका में जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली निराशाजनक है। जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार समस्याएं उठाने के बावजूद उनका समाधान नहीं किया जा रहा है। ऐसे में विपक्ष के पास आंदोलन के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है।
विधायक प्रतिनिधि रियाज अहमद खोखर ने नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन पूरी तरह निरंकुश और अफसरशाही से ग्रस्त हो चुका है।
अधिकारियों द्वारा जनप्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है, जिससे जनता की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष जनता के हितों की रक्षा के लिए अपने लोकतांत्रिक दायित्व का निर्वहन करेगा और आवश्यकता पड़ने पर चरणबद्ध आंदोलन एवं प्रदर्शन भी करेगा।
ज्ञापन में नगर के विभिन्न वार्डों में नियमित सफाई, नालियों की सफाई, पेयजल आपूर्ति सुचारु करने, खराब सड़कों की मरम्मत, जलभराव की समस्या दूर करने तथा नागरिक सुविधाओं को तत्काल बहाल करने की मांग की गई है।
इस ज्ञापन पर नेता प्रतिपक्ष पुष्पकांत कश्यप, पार्षद सुनील अग्रवाल, शोभा दुबे, अर्चना सोनी, रामफल श्रीवास तथा विधायक प्रतिनिधि रियाज अहमद खोखर के हस्ताक्षर हैं। अब नगरवासियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का समाधान करता है या फिर रतनपुर में विपक्ष का आंदोलन नए राजनीतिक घटनाक्रम को जन्म देता है।




