Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/सुरेश सोनी
नारायणपुर। पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अक्षय सबद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री ऐश्वर्य चंद्राकर एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी नारायणपुर श्री अजय सिंह के मार्गदर्शन में थाना कुकड़ाझोर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
थाना कुकड़ाझोर में अपराध क्रमांक 03/2026 के तहत धारा 296, 351(2), 115(2), 333 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया था। प्रार्थी द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार दिनांक 02 अगस्त 2026 की शाम गांव में आयोजित बैठक के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी राजकुमार कावड़े ने पहले प्रार्थी के साथ गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। कुछ समय बाद आरोपी प्रार्थी के घर पहुंचा और टंगिया से उसके सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही घायल को तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय नारायणपुर पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। इसके बाद थाना कुकड़ाझोर में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम द्वारा लगातार संभावित ठिकानों पर तलाश की गई तथा मुखबिरों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपी की खोजबीन जारी रखी गई।
तलाश के दौरान मिली सूचना के आधार पर आरोपी राजकुमार कावड़े, पिता स्वर्गीय बृजलाल कावड़े, उम्र 25 वर्ष, निवासी नागेलपारा, थाना कुकड़ाझोर, जिला नारायणपुर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया तथा उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टंगिया बरामद की गई।
आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण करने के उपरांत कल दिनांक 06 अगस्त 2026 को आरोपी को माननीय न्यायालय नारायणपुर में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है तथा आवश्यकतानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नारायणपुर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के विवाद या आपसी मतभेद का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें। छोटी-छोटी बातों पर हिंसा का सहारा लेना गंभीर अपराध है, जिसके कानूनी परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। किसी भी विवाद की स्थिति में तत्काल निकटतम थाना अथवा पुलिस नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें तथा जिले में शांति, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।




