Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
बिलासपुर। बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से लोगों को साइबर ठगी, फर्जी लिंक, संदिग्ध कॉल, ऑनलाइन धोखाधड़ी और सोशल मीडिया से जुड़े साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया जा रहा है।
अभियान के तहत नागरिकों से अपील की गई है कि वे “मैं जागरूक हूं, आप भी जागरूक बनें” संदेश के साथ साइबर जागरूकता अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराएं। इसके लिए अभियान से जुड़े लिंक पर जाकर सेल्फी फ्रेम में दिए गए QR कोड को स्कैन कर सेल्फी लें और उसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करें।
सोशल मीडिया के जरिए बढ़ाएं साइबर जागरूकता
छत्तीसगढ़ पुलिस का यह अभियान लोगों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सोशल मीडिया पर सेल्फी एवं जागरूकता संदेश साझा करने से परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों तक भी साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया जा सकता है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक संबंधी जानकारी, पासवर्ड, PIN अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें और ऑनलाइन लेन-देन के दौरान विशेष सावधानी बरतें।
आपकी एक सेल्फी, कई लोगों को करेगी जागरूक
साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा उपायों में से एक है। ऐसे में अभियान से जुड़कर सोशल मीडिया पर सेल्फी साझा करना केवल व्यक्तिगत सहभागिता नहीं, बल्कि दूसरों को भी सावधान करने का माध्यम बन सकता है।
आइए, साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता की इस मुहिम का हिस्सा बनें।
“मैं जागरूक हूं, आप भी जागरूक बनें।”
छत्तीसगढ़ पुलिस के साइबर जागृति अभियान से जुड़ें और सुरक्षित डिजिटल समाज बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।




