Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज, नवा रायपुर। अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक सूचना कि कमलादेवी संगीत महाविद्यालय की प्रतिभावान एवं अत्यंत नियमित छात्रा कुमारी वर्षा मनहर का कल दिनांक 06 सितंबर की रात्रि एक दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना के बाद निधन हो गया। उनके असामयिक निधन का समाचार पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए अत्यंत पीड़ादायक है।
कुमारी वर्षा बी.पी.ए. तृतीय सेमेस्टर (शास्त्रीय गायन) की छात्रा होने के साथ-साथ लोक संगीत छत्तीसगढ़ी डिप्लोमा द्वितीय वर्ष में भी अध्ययनरत थीं। वे एक मेधावी, अनुशासित, नियमित और संगीत के प्रति अत्यंत समर्पित छात्रा थीं।
विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि 31 अगस्त को भातखंडे पलुस्कर स्मृति दिवस संगीत समारोह में लोक संगीत विभाग की मंचीय प्रस्तुति में वर्षा ने भी सक्रिय सहभागिता की थी। उसी अवसर पर उन्होंने मेरे साथ एक सेल्फी भी ली थी। उस समय किसी को क्या पता था कि वह हमारी उनकी अंतिम स्मृतियों में से एक बन जाएगी।
दिनांक 01 सितंबर को वे नया रायपुर से महाविद्यालय के कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए आ रही थीं। कार्यक्रम प्रारंभ होने से पहले ही मरीन ड्राइव, रायपुर के पास स्थित चौक पर उनका गंभीर सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में वे बस की चपेट में आ गईं और उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। बाद में बेहतर उपचार की आशा में उन्हें रामकृष्ण केयर अस्पताल रेफर किया गया।
पिछले 6 दिनों से लोक संगीत एवं कमलादेवी संगीत महाविद्यालय के अनेक विद्यार्थी लगातार उनके उपचार एवं सेवा में लगे हुए थे। रक्त की आवश्यकता होने पर पिछले चार दिनों से हमारे विद्यार्थी रक्तदान की व्यवस्था में जुटे रहे और कई विद्यार्थियों ने स्वयं रक्तदान भी किया। विद्यार्थियों द्वारा अपनी साथी के लिए जिस आत्मीयता और संवेदना के साथ सेवा की गई, वह अत्यंत भावुक कर देने वाली है।
वर्षा ने ग्लैमर क्षेत्र में एयर होस्टेस के रूप में कार्य करने के बाद संगीत को अपने जीवन का लक्ष्य बनाया था। नया रायपुर से लगभग 32 किलोमीटर की दूरी तय करके वे नियमित रूप से कभी बस से तो कभी अपने वाहन से महाविद्यालय आती थीं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उनकी संगीत शिक्षा के प्रति निष्ठा और नियमितता सदैव प्रेरणादायी रही।
आज हमारे बीच से एक अच्छी, मेधावी, प्रतिभाशाली और संभावनाओं से भरी छात्रा का यूँ असमय चले जाना अत्यंत दुःखद है। उनकी आयु, प्रतिभा और भविष्य की संभावनाओं को देखते हुए यह क्षति और भी असहनीय प्रतीत होती है।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा उनके माता-पिता, परिवारजनों, सहपाठियों एवं समस्त महाविद्यालय परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
कुमारी वर्षा मनहर को विनम्र श्रद्धांजलि।
ॐ शांति। 🙏




