Oplus_131072
कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, पंडालों की निगरानी और विसर्जन व्यवस्था पर हुई विस्तृत चर्चा
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
रतनपुर। धार्मिक एवं पौराणिक नगरी रतनपुर में आगामी गणेश उत्सव एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रतनपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधि, पत्रकार, गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी, सरपंच, पंच एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, गणेश पंडालों की निगरानी, यातायात व्यवस्था तथा प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने गणेश उत्सव समितियों से शासन-प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की।
नायब तहसीलदार ऋषभ सिंह एवं थाना प्रभारी निलेश पांडे ने समिति के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि उत्सव के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी समितियां प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें। पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए तथा निर्धारित स्थान एवं नियमों के अनुरूप ही आयोजन किया जाए।
ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर विशेष जोर
थाना प्रभारी निलेश पांडे ने विशेष रूप से डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के निर्धारित मानकों की जानकारी देते हुए समितियों को समझाइश दी। उन्होंने कहा कि उत्सव के दौरान निर्धारित ध्वनि सीमा एवं समय-सीमा का पालन किया जाना आवश्यक है। किसी भी स्थिति में ध्वनि सीमा एवं शासन द्वारा निर्धारित नियमों का उल्लंघन नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान भी शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से कार्यक्रम संपन्न कराया जाए। विसर्जन मार्ग एवं संबंधित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा आवश्यक निगरानी की जाएगी।
संवेदनशील क्षेत्रों में रहेगी पुलिस की नजर
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गणेश उत्सव के दौरान रतनपुर पुलिस द्वारा गणेश पंडालों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी के साथ लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
बैठक में उपस्थित गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी प्रशासन के समक्ष अपने सुझाव रखे। अधिकारियों ने सभी सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी गणेश उत्सव को शांति, सुरक्षा, अनुशासन और आपसी सौहार्द के साथ संपन्न कराना रहा। प्रशासन एवं पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की कि वे त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी तरह की अफवाह अथवा विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।




