Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अनीश मिश्रा
रायपुर। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी एवं सुचारु क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने वर्चुअल साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित कर योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सीएसपीडीसीएल के अधिकारी तथा विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बिजली विभाग को निर्देश दिए कि जिले में आयोजित होने वाले सभी शासकीय कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के प्रचार-प्रसार के लिए स्टॉल लगाया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को योजना की जानकारी मिल सके और पात्र हितग्राही इसका लाभ उठा सकें।
कलेक्टर ने बैंकों को योजना के तहत आवेदन सोर्सिंग बढ़ाने तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को बिना किसी अनावश्यक बाधा के समय पर योजना का लाभ उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी आवेदन को बिना ठोस कारण के अस्वीकृत नहीं किया जाए। यदि किसी कारण से आवेदन निरस्त किया जाता है, तो संबंधित आवेदक को अस्वीकृति का स्पष्ट कारण अनिवार्य रूप से बताया जाए, ताकि प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
डॉ. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत आम नागरिकों को योजना का लाभ लेने और ऋण प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों और बैंकों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार बिश्वरंजन ने बैंक, सीएसपीडीसीएल एवं अधिकृत वेंडरों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने योजना के तहत स्वीकृति, ऋण वितरण एवं सोलर इंस्टॉलेशन की साप्ताहिक समीक्षा निरंतर जारी रखने की बात कही।
बैठक में योजना से जुड़े सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




