अमरजीत सिंह
बुलन्द टाइम्स न्यूज
कोरिया/एमसीबी- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत एमसीबी जिले के खड़गवां जनपद पंचायत में ‘सेवा सेतु अभियान’ का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान लगाए गए शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लिया। शिविर में लगभग 16 विभागीय स्टॉल लगाए गए थे, जहां हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवश्यक दस्तावेज, स्वास्थ्य सेवाएं, कृषि एवं उद्यानिकी सामग्री सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए लगभग 16 विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से प्रत्येक स्टॉल पर उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान उनके साथ कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंकिता सोम, पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह, एसडीएम विजेंद्र सिंह सारथी, तहसीलदार खड़गवां, तहसीलदार चिरमिरी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्यामा बाई एवं जनपद उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ हुई। इसके बाद विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य सरकार और ग्रामीणों के बीच एक ऐसा सेतु तैयार करना है, जिसके माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि शिविर में लगाए गए 16 सरकारी स्टॉलों के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ आम लोगों को दिया जा रहा है। ग्रामीणों को जिन आवश्यक दस्तावेजों अथवा सेवाओं के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं, उन्हें एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहा सेवा संकल्प अभियान
मंत्री जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष की जनसेवा पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत अलग-अलग क्षेत्रों में सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प का वास्तविक अर्थ तभी पूरा होगा, जब सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने से लेकर स्वास्थ्य परीक्षण और विभिन्न सरकारी योजनाओं से हितग्राहियों को जोड़ने तक के कार्य किए जा रहे हैं
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि उद्यानिकी विभाग द्वारा शिविर में ग्रामीणों को फल एवं सब्जियों के बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वहीं जिले में पहली बार कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने के लिए विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। राजस्थान से आए एलएमको ग्रुप द्वारा अलग-अलग समय पर जरूरतमंद लोगों को सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सेवाएं सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से ग्रामीणों तक पहुंचना अपने आप में महत्वपूर्ण पहल है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं और विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मंत्री जायसवाल ने कहा कि 25 वर्ष पहले उनके गांव में बिजली और पक्का मकान जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं, लेकिन आज परिस्थितियां बदल चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि गरीब का बेटा पढ़े, बेटियां निडर होकर अपने पैरों पर खड़ी हों और किसानों को उनका अधिकार मिले—इसी सोच के साथ सरकार काम कर रही है।
शौचालय से लेकर राशन तक, योजनाओं ने बदली तस्वीर
मंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जब घर-घर शौचालय निर्माण की योजना शुरू हुई थी, तब ग्रामीण क्षेत्रों में लोग शौचालयों का उपयोग करने के बजाय उन्हें कभी ‘सचिवालय’ तो कभी बकरी और भूसा रखने की जगह के रूप में इस्तेमाल करते थे। लेकिन जागरूकता अभियान के बाद आज घर-घर शौचालय का निर्माण हुआ है और स्वच्छता को लेकर लोगों की सोच में बदलाव आया है।
उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से निशुल्क चावल वितरण को गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत बताया। वहीं किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को मिलने वाली 6 हजार रुपये वार्षिक सहायता को भी महत्वपूर्ण बताया।
महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक मजबूती
मंत्री जायसवाल ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के तहत प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की सहायता महिलाओं के लिए बड़ी आर्थिक मदद है।
उन्होंने कहा कि जिन माताओं का नाम अभी तक योजना में नहीं जुड़ पाया है, उनके लिए जल्द ही सरकारी पोर्टल खुलने की जानकारी है। उन्होंने छूटी हुई पात्र महिलाओं से अपील की कि पोर्टल खुलने के बाद अपना नाम अवश्य जुड़वाएं, ताकि उन्हें भी योजना का लाभ मिल सके।
किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान का दावा
किसानों का उल्लेख करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों को धान का 3100 रुपये प्रति क्विंटल मूल्य दे रही है और किसानों की राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार किसान हित में लगातार काम कर रही है।
बीमारी का इलाज कराने आगे आएं, सरकार उठाएगी जिम्मेदारी
स्वास्थ्य मंत्री ने शिविर में मौजूद ग्रामीणों से स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की बीमारी होने पर जांच और उपचार से पीछे नहीं हटना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शिविर में अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराएं। जरूरत पड़ने पर मरीज का जहां भी उपचार होगा, सरकार द्वारा उसे निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी ली जाएगी। उन्होंने इसे सरकार की जनकल्याणकारी एवं दूरदर्शी सोच का परिणाम बताया।
मंत्री ने कहा कि बेटियों को स्कूल पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सरस्वती साइकिल योजना संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा और उनके आत्मनिर्भर बनने के लिए सरकार लगातार योजनाएं चला रही है।
स्थानीय विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मंत्री जायसवाल ने कहा कि खड़गवां जनपद के अंदर ऐसा कोई गांव नहीं है जहां डामरीकृत सड़क न हो। उन्होंने कहा कि यदि किसी गांव में सड़क की समस्या है तो ग्रामीण इसकी जानकारी दें, उसे स्वीकृत कराने का प्रयास किया जाएगा।
मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान पैनारी की सरपंच से महतारी सदन के उपयोग के संबंध में जानकारी ली। सरपंच ने बताया कि उनके क्षेत्र में करीब 80 से 85 महिलाएं महतारी सदन में सिलाई का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
वहीं देवाडांड की महिला सरपंच ने बताया कि उनके क्षेत्र में महिलाएं महतारी सदन में विभिन्न गतिविधियों एवं चर्चाओं के लिए एकत्रित होती हैं।
हितग्राहियों को वितरित किए किट, चेक और कई कार्ड
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न विभागों द्वारा चयनित हितग्राहियों को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के हाथों किट, चेक एवं विभिन्न कार्ड वितरित किए गए। हितग्राहियों ने शासन की योजनाओं से मिल रहे लाभ के प्रति अपनी खुशी व्यक्त की। साथ ही ग्रामीणों को हमेशा सहयोग व साथ देने का भरोसा दिलाया।




