सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर। लंबे समय से लंबित सीआरएमसी राशि को लेकर दिसंबर 2025 में डॉक्टरों, स्टाफ नर्सों, एएनएम एवं आरएमए द्वारा किए गए आंदोलन के बाद अब स्वास्थ्यकर्मियों को बड़ी राहत मिली है। शासन द्वारा भुगतान के आदेश जारी किए जाने के पश्चात CRMC की लंबित राशि का चरणबद्ध तरीके से भुगतान किया गया और 7 अक्टूबर 2026 को वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट सत्र की अंतिम लंबित सीआरएमसी राशि का भी भुगतान कर दिया गया।
CRMC भुगतान की मांग को लेकर दिसंबर 2025 में नारायणपुर सहित पूरे बस्तर संभाग में स्वास्थ्यकर्मियों ने आंदोलन करते हुए ओपीडी सेवाओं का बहिष्कार किया था। इसके बाद शासन स्तर पर भुगतान की प्रक्रिया प्रारंभ हुई और पहले चरण में लंबित राशि का भुगतान किया गया। इसके पश्चात शेष राशि भी चरणबद्ध रूप से जारी होती रही। अंतिम भुगतान के साथ वर्ष 2025-26 की सीआरएमसी की पूरी लंबित राशि का निपटारा होने से नारायणपुर के जिला अस्पताल, सीएचसी एवं पीएचसी में कार्यरत डॉक्टरों, नर्सों, एएनएम एवं आरएमए में राहत की भावना है।
स्वास्थ्यकर्मियों ने कहा कि नारायणपुर जैसे अत्यंत संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर सेवा देने वालों के लिए सीआरएमसी राशि केवल आर्थिक प्रोत्साहन नहीं, बल्कि उनके जोखिमपूर्ण एवं समर्पित कार्य की शासन द्वारा मान्यता भी है।
बस्तर संभाग डॉक्टर एसोसिएशन के प्रमुख डॉ. हिमांशु सिन्हा ने सीआरएमसी की पूरी लंबित राशि के भुगतान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे बस्तर संभाग के डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की एकजुटता की जीत बताया एवं स्वास्थ्य मंत्री जी का आभार जताया है ,उन्होंने कहा कि दिसंबर 2025 में शुरू हुआ संघर्ष केवल भुगतान की मांग नहीं था, बल्कि कठिन एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में वर्षों से सेवा दे रहे स्वास्थ्यकर्मियों के अधिकार और सम्मान की लड़ाई थी। शासन द्वारा चरणबद्ध तरीके से पूरी राशि का भुगतान किया जाना इस सामूहिक प्रयास का सकारात्मक परिणाम है।
हालांकि, स्वास्थ्यकर्मियों ने आयुष्मान योजना के अंतर्गत सरकारी अस्पतालों में कार्यरत डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को मिलने वाले लंबे समय से लंबित भुगतान का मुद्दा भी उठाया है। उन्होंने शासन से इस राशि का भी शीघ्र निपटारा करने की मांग की है, ताकि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों को उनके लंबित अधिकारों का समय पर भुगतान मिल सके।
नारायणपुर के स्वास्थ्यकर्मियों ने जिले एवं पूरे बस्तर संभाग की जनता को आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए सभी के लिए सुख, शांति, समृद्धि एवं सुरक्षित पर्व की कामना की।




