रूपेंद्र वासुदेवा की रिपोर्ट:-
दंतेवाड़ा। नवरात्रि पर्व के दौरान दंतेवाड़ा में नारियल की दुकान लगाने की जगह को लेकर दुकानदारों और पुलिस प्रशासन के बीच असहमति सामने आई है। पुलिस प्रशासन की ओर से दुकानदारों को थाने के बीच में नारियल की दुकानें लगाने के लिए कहा गया है, जबकि दुकानदार पहले से जहां दुकान लगाते आ रहे हैं, उसी स्थान पर दुकान लगाने की मांग कर रहे हैं।
दुकानदारों का कहना है कि प्रस्तावित जगह पर लगातार वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में दुकानें लगाने से श्रद्धालुओं और दुकानदारों दोनों की सुरक्षा को लेकर खतरा पैदा हो सकता है। उनका कहना है कि नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है, इसलिए ऐसी जगह चुनी जानी चाहिए जहां यातायात और भीड़ के कारण किसी तरह की दुर्घटना की आशंका कम हो।

दुकानदारों ने प्रशासन से अपनी मांग पर पुनर्विचार करने की अपील की है। उनका कहना है कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई और भविष्य में किसी तरह की दुर्घटना होती है, तो इसके लिए पुलिस प्रशासन भी जिम्मेदार होगा।
अब देखना होगा कि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन दुकानदारों की मांग पर क्या निर्णय लेता है।




