अमित दुबे की रिपोर्ट
बिलासपुर। थाना तारबाहर पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया ने थाना तारबाहर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री 9 मई 2026 की शाम घर से बिना बताए कहीं चली गई है। परिजनों द्वारा उसकी तलाश किए जाने के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिलने पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण किए जाने की आशंका जताई गई। मामले में थाना तारबाहर पुलिस ने अपराध क्रमांक 151/2026 के तहत धारा 137(2), 87, 64(2)(ड) बीएनएस एवं 4, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर नाबालिग बालिका के रायपुर में होने की जानकारी जुटाई। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर रायपुर रवाना की।
पुलिस टीम ने रायपुर स्थित एक किराये के मकान से नाबालिग बालिका को बरामद किया। पूछताछ और जांच के आधार पर मामले में आरोपी ठाकुर राम रात्रे उर्फ हर्ष, पिता स्व. समेदास रात्रे, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम नरदहा, थाना विधानसभा, रायपुर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।




