भिम्भौरी। नगर पंचायत भिम्भौरी में मंगलवार को विद्यार्थी सम्मान समारोह एवं सामान्य ज्ञान प्रश्नमंच प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सात शासकीय एवं अशासकीय शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह में कक्षा पहली से बारहवीं तक प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा महाविद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं सहित कुल 80 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वहीं, सामान्य ज्ञान प्रश्नमंच प्रतियोगिता में शामिल 50 प्रतिभागियों को भी सम्मान प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता के प्राथमिक स्तर पर सरस्वती शिशु मंदिर ने प्रथम तथा एकेडमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पूर्व माध्यमिक स्तर पर एकेडमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल प्रथम और शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला द्वितीय स्थान पर रही। वहीं, उच्च स्तर की प्रतियोगिता में नवीन शासकीय महाविद्यालय ने प्रथम तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायक संचालक एसपी कोशले एवं अध्यक्ष हरिश्चन्द्र वर्मा ने आयोजन की सराहना करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने इस प्रकार के आयोजनों को विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने और सामान्य ज्ञान बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम का संचालन कमलेश वर्मा ने किया। इस अवसर पर एसएस ठाकुर, समीर ठाकुर, संदीप परगनिहा, संतोष सोनी, टीकम वर्मा, चंद्रविजय धीवर, देवसिंह साहू, कुंजलाल साहू, महेंद्र वर्मा, एआर पैंकरा, नरेन्द्र धीवर एवं नारायण वर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




