राहुल के.बी. की रिपोर्ट-
बीजापुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जिला बीजापुर द्वारा विजयादशमी के पावन अवसर पर शनिवार को सांस्कृतिक भवन बीजापुर में जिला स्तरीय विजयादशमी उत्सव एवं पथ संचलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 350 से अधिक स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता कुंवर राज बहादुर सिंह राणा, अध्यक्ष जागृति मंडल समिति रायपुर एवं अध्यक्ष गायत्री वेदमाता महाविद्यालय जगदलपुर ने अपने उद्बोधन में विजयादशमी के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की मजबूती के लिए समाज में अनुशासन, एकता, राष्ट्रभक्ति और सेवा भावना का होना अत्यंत आवश्यक है। संगठित एवं जागरूक समाज ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकता है।
कार्यक्रम के पश्चात स्वयंसेवकों द्वारा नगर में अनुशासित एवं भव्य पथ संचलन निकाला गया। नगर के विभिन्न चौक-चौराहों पर स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा एवं स्वागत कर स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर जिला कार्यवाह रविशंकर शुक्ला ने कहा कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी विजयादशमी के अवसर पर पथ संचलन का आयोजन उत्साह एवं अनुशासन के साथ किया गया। वहीं सह जिला संघचालक भूपति नक्का ने कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान करने वाले सभी नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में स्वयंसेवकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति और नगरवासियों के उत्साहपूर्ण स्वागत ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।




