खैरागढ़। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के जिला संयोजक पद पर प्रखर शरण सिंह को दूसरी बार निर्विरोध निर्वाचित किया गया है। प्रांतीय पर्यवेक्षक मनीष मिश्रा की गरिमामय उपस्थिति में निर्वाचन प्रक्रिया लोकतांत्रिक एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। इस दौरान सर्वसम्मति से नई जिला कार्यकारिणी का भी गठन किया गया।
निर्वाचन प्रक्रिया में फेडरेशन से संबद्ध विभिन्न संगठनों के जिला अध्यक्षों, ब्लॉक संयोजकों एवं ब्लॉक अध्यक्षों ने हिस्सा लिया। आपसी विचार-विमर्श और सर्वसम्मति के बाद पदाधिकारियों का निर्विरोध चयन किया गया। नई कार्यकारिणी में प्रखर शरण सिंह को जिला संयोजक, रमेन्द्र डड़सेना को जिला महासचिव तथा रामलाल साहू को जिला सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई।
निर्वाचन के बाद उपस्थित पदाधिकारियों ने नवनिर्वाचित टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी कर्मचारी-अधिकारियों की समस्याओं, लंबित मांगों और अधिकारों के संरक्षण के लिए पूरी एकजुटता के साथ कार्य करेगी।
दूसरी बार जिला संयोजक निर्वाचित होने पर प्रखर शरण सिंह ने सभी संगठनों एवं पदाधिकारियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने प्रांतीय नेतृत्व करम वर्मा और निर्वाचन पर्यवेक्षक मनीष मिश्रा का मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि फेडरेशन की एकता, संगठनात्मक मजबूती और कर्मचारी-अधिकारियों के हितों की रक्षा उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने कहा कि सभी संबद्ध संगठनों को साथ लेकर सामूहिक नेतृत्व और बेहतर समन्वय के माध्यम से कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। साथ ही लंबित मांगों के निराकरण के लिए निरंतर प्रयास और सकारात्मक पहल की जाएगी।
सर्वसम्मति से संपन्न हुआ यह निर्वाचन फेडरेशन के भीतर आपसी विश्वास, संगठनात्मक एकजुटता और लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




