कोरिया, 05 नवंबर 2026/ कलेक्टर रोक्तिमा यादव के निर्देशन में समावेशी शिक्षा के अंतर्गत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए 4 नवंबर को मानस भवन, बैकुंठपुर में जिला स्तरीय आकलन शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बैकुंठपुर विकासखंड के 92 और सोनहत के 33 सहित कुल 125 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यकताओं का आकलन किया गया।
जिले के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने बच्चों की अस्थि, दृष्टि, श्रवण, बौद्धिक एवं बहुदिव्यांगता संबंधी जांच की। स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत मेडिकल बोर्ड द्वारा दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनाए गए। शासकीय विद्यालयों के शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग से बच्चों को शिविर तक लाया गया।
शिविर में एलिमको, कानपुर की टीम ने सहायक उपकरणों के लिए बैकुंठपुर के 31 और सोनहत के 6 सहित कुल 37 बच्चों का आकलन किया। पात्र बच्चों को शासन की स्वीकृति एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निःशुल्क उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। चिह्नित बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप उपकरण प्रदान करने के लिए आगामी समय में वितरण शिविर आयोजित किया जाएगा।
जिला प्रशासन की ओर से शिविर में उपस्थित बच्चों एवं शिक्षकों के लिए जलपान और भोजन की व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक संचालक शिक्षा, एडीपीओ, जिला मिशन समन्वयक, बैकुंठपुर एवं सोनहत के विकासखंड शिक्षा अधिकारी और बीआरसी उपस्थित रहे।
आयोजन में स्पेशल एजुकेटर पुष्पा ठाकुर, बीआरपी सरिता सोनी एवं जूदिका किंडो, एपीसी गौरीशंकर एड़े तथा शैक्षिक समन्वयकों ने सहयोग दिया।






