सरफ़राज़ अंसारी की रिपोर्ट बुलंद टाइम्स बीजापुर
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। उसूर थाना क्षेत्र के FOB ताड़ापाला के समीप केजी हिल्स के जंगल में सर्चिंग के दौरान माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए 711 बीजीएल (BGL) सेल बरामद किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विश्वसनीय सूत्र से प्राप्त सूचना के आधार पर जिला पुलिस बीजापुर, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 196वीं वाहिनी और 204 कोबरा की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।
5 नवंबर 2026 को FOB ताड़ापाला से लगे जंगल क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान FOB ताड़ापाला से करीब 1.5 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में केजी हिल्स के समीप तलाशी के दौरान छिपाकर रखे गए 711 बीजीएल सेल मिले। सुरक्षा बलों ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए बरामद विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित कब्जे में ले लिया।
कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों में नहीं जाने की अपील
इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने आम नागरिकों से कर्रेगुट्टा और आसपास की पहाड़ियों में फिलहाल जाने से बचने की अपील की है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, क्षेत्र में अभी भी बारूदी सुरंग (IED) या अन्य विस्फोटक सामग्री मौजूद होने की आशंका है। ऐसे में लोगों की सुरक्षा को देखते हुए इस इलाके में प्रवेश नहीं करने की सलाह दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, भविष्य की निर्धारित कार्ययोजना के तहत इलाके में डी-माइनिंग अभियान चलाकर संभावित बारूदी सुरंगों और विस्फोटक सामग्री को निष्क्रिय किया जाएगा।





