विमला तिवारी
बालोद जिला संवाददाता
बालोद : सुबह से ही जिले के गांव-गांव में, घर के आंगन में गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर फूल, दीपक और छप्पन भोग से पूजा की गई। महिलाओं ने गौ माता को नहला-धुलाकर, सींगों में तेल लगाकर, फूल-माला पहनाकर गुड़-केला खिलाया और गौ-पूजन किया।
मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भगवान श्रीकृष्ण के गोवर्धनधारी स्वरूप का दर्शन कर लोगों ने प्रदेश की खुशहाली और अन्न-धन की कामना की।
पर्व का महत्व –
द्वापर युग में जब इंद्रदेव के अहंकार से ब्रज में मूसलाधार बारिश हुई, तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर 7 दिन तक सभी ब्रजवासियों और गौ-धन की रक्षा की। 7 दिन x 8 प्रहर = 56, इसलिए आज भी भगवान को 56 भोग लगाया जाता है। यही कारण है कि इस पर्व को अन्नकूट भी कहा जाता है।
बालोद में इस बार पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 6:40 से 8:50 बजे तक रहा। प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर दोपहर 12:31 बजे से शुरू होकर 10 नवंबर दोपहर 2 बजे तक रही, इसलिए उदया तिथि के अनुसार पूजा आज ही मनाई गई।
बालोद जिला वासियों को गोवर्धन पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं। घर में सुख-शांति बनी रहे, अन्न-धन की कभी कमी न हो। जय श्री कृष्ण, जय गौ माता!







