जगदलपुर। संविधान दिवस के अवसर पर शांति नगर वार्ड, जगदलपुर में सामाजिक संगठनों एवं जागरूक नागरिकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारतीय संविधान के सम्मान, संवैधानिक अधिकारों, सामाजिक समानता, न्याय और आपसी एकता को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान संविधान की जानकारी को गांव, मोहल्ले और प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
बैठक में बलदेव मंडावी, सतीश वानखेड़े, फूल सिंह कश्यप (नारायणपुर), विजय कुमार धोबी, नथूराम बघेल, जय कुमार, एडवोकेट मनबोध बघेल और कार्तिक राम कश्यप सहित सामाजिक साथी उपस्थित रहे।
बैठक में “संविधान पढ़ो–संविधान जानो–संविधान समझो” अभियान को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि संविधान की जानकारी केवल किताबों या भाषणों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी होनी जरूरी है।
28 नवंबर को जगदलपुर में होगा बड़ा आयोजन
बैठक में बताया गया कि आगामी 28 नवंबर को जगदलपुर में मूलनिवासी संगठनों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में व्यापक आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में संविधान यात्रा, विशाल जनसभा, सामूहिक संविधान वाचन और संविधान की प्रस्तावना का पाठ प्रमुख रूप से शामिल रहेगा। इसके अलावा संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों को लेकर जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
वहीं, अगले दिन दोपहर 3 बजे लालबाग, जगदलपुर स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा स्थल पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई है। आयोजकों ने सामाजिक साथियों और संविधान प्रेमियों से इसमें समय पर पहुंचने की अपील की है।
समानता और संवैधानिक जागरूकता का दिया संदेश
आयोजकों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य किसी जाति, धर्म या समाज के विरोध में जाना नहीं, बल्कि अन्याय, असमानता और अधिकारों के हनन के खिलाफ संवैधानिक जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों के साथ आगे बढ़ने का आधार देता है।
बैठक में युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, बुद्धिजीवियों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों, किसानों, मजदूरों और सामाजिक संगठनों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया गया। आयोजकों ने गांव-गांव तक संविधान की जानकारी पहुंचाने और आने वाली पीढ़ियों को संवैधानिक चेतना से जोड़ने का संकल्प लिया।
आयोजकों ने “जगदलपुर चलो” का आह्वान करते हुए कहा कि 28 नवंबर को जगदलपुर से संवैधानिक जागरूकता का संदेश बस्तर संभाग और छत्तीसगढ़ के अन्य क्षेत्रों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।







