अमरजीत सिंह
बुलन्द टाईम्स न्यूज
कोरिया/बैकुंठपुर – भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और योगदान को देश सदैव याद करेगा। उन्होंने अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जनजातीय समाज में स्वाभिमान और अधिकारों की चेतना जगाई। उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। यह बात छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं कोरिया जिले के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम ने सोमवार को खरवत स्थित स्वामी आत्मानन्द शासकीय अंग्रेजी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में कही।
मुख्य अतिथि नेताम ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम और देश की संस्कृति की रक्षा में जनजातीय नायकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में इन नायकों की स्मृतियों को संग्रहालयों और स्मारकों के माध्यम से सहेजने का कार्य किया जा रहा है। जनजातीय गौरव दिवस अपनी विरासत को जानने और उस पर गर्व करने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जनजातीय परिवारों तक आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सड़क और आजीविका की सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पीएम जनमन तथा धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी पहल विशेष पिछड़ी जनजातियों और दूरस्थ क्षेत्रों के परिवारों के जीवन में बदलाव लाने का माध्यम बन रही हैं। उन्होंने जनजातीय महापुरुषों और समाज सुधारकों का स्मरण करते हुए उनकी शिक्षाओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
विरासत के सम्मान के साथ विकास पर जोर
विधायक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह ने कहा कि जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। जनजातीय नायकों के बलिदान और सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने के साथ समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका के बेहतर अवसरों से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
पूर्व कैबिनेट मंत्री व विधायक भईयालाल राजवाड़े ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस विकास और विश्वास का आधार है। यह आयोजन जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेकर बेहतर भविष्य के लिए मिलकर कार्य करने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों का जीवन संवारने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी योगेंद्र वास ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए जिले में संचालित जनजातीय विकास से संबंधित योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी दी।
लेमनग्रास की चाय की फरमाइश, धनुष-बाण पर भी आजमाया हाथ
समारोह में नेताम ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी और स्टॉलों का अवलोकन किया। कृषि विज्ञान केंद्र के स्टॉल पर लेमनग्रास की जानकारी लेते हुए उन्होंने मुस्कराकर इसकी चाय पिलाने की फरमाइश की। उन्होंने देवगुड़ी में पूजा-अर्चना की तथा पंडो जनजाति की जीवनशैली को दर्शाने वाले पारंपरिक आवास का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने धनुष-बाण पर भी हाथ आजमाया।
‘सितारा चारों ओर बगरे…’ पर नन्हे कलाकारों ने मोहा मन
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में जनजातीय लोकजीवन के रंग बिखेरे। सुंदरपुर स्कूल के छात्र-छात्राओं की आकर्षक सैला नृत्य प्रस्तुति पर मंत्री नेताम ने 5 हजार 100 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की।
वहीं, ‘सितारा चारों ओर बगरे… कदम डारा’ गीत पर नन्हे बच्चों की मनमोहक प्रस्तुति ने दर्शकों को गदगद कर दिया। बच्चों की लय-ताल और भाव-भंगिमाओं पर परिसर तालियों से गूंज उठा। नेताम ने नन्हे कलाकारों को गोद में बिठाकर दुलार किया, अपने हाथों से बिस्किट खिलाए और नकद राशि देकर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने बच्चों के अभिभावकों और शिक्षकों की भी सराहना की।
समारोह में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। राजस्व विभाग की स्वामित्व योजना के तहत चेरवापारा और चरचा के विश्वनाथ उरांव, सिद्धनाथ उरांव, मति बाई उरांव, कल्याण सिंह गोंड तथा रामबेल सिंह गोंड को स्वामित्व पट्टे प्रदान किए गए।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से चरचा की फुलबसिया को वय वंदना कार्ड और खरवत की सुमित्रा को आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत दो हितग्राहियों को पोषण आहार किट दी गई। मत्स्य पालन विभाग की ओर से अमहर, इंदरपुर, मेंड्रा और पोड़गी के अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को जाल एवं आइस बॉक्स वितरित किए गए। उपस्थित नागरिकों को शासन की मासिक पत्रिका ‘छत्तीसगढ़ जनमन’ भी वितरित की गई।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार राठौर, अपर कलेक्टर डीडी. मण्डावी, जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा, उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े, गणमान्य नागरिक देवेंद्र तिवारी, कृष्ण बिहारी जायसवाल, जिला एवं जनपद पंचायतों तथा नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।







