अमरजीत सिंह
बुलन्द टाईम्स न्यूज
कोरिया/बैकुंठपुर – खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने दीपावली से पहले कोरिया जिले में 3 से 5 नवंबर के बीच आठ खाद्य प्रतिष्ठानों से मिठाई, खोवा और नमकीन के 12 नमूने जांच के लिए लिए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने 19 नवंबर को उप संचालक को भेजे पत्र में बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विभागीय पत्र के अनुसार, 3 नवंबर को बैकुंठपुर के जोधपुर राजस्थान स्वीट्स से काला रसगुल्ला और सलोनी, बस स्टैंड स्थित पॉपुलर स्वीट्स से हीरामनी और भैयाजी स्वीट्स एवं भोजनालय से खुले पेड़े का नमूना लिया गया। इसी दिन छिंदडांड के मां शारदा स्वीट्स से खुली चमचम और जमगहना के शर्मा जलपान सदन से खुले खोवे का नमूना लिया गया।
4 नवंबर को पटना के गणपति बीकानेर स्वीट्स नमकीन भंडार से नारियल लड्डू और सोनपापड़ी, बैकुंठपुर के ओड़गी नाका स्थित बड़े भैया स्वीट्स से खुली अंजीर बर्फी और जमगहना के शर्मा जलपान सदन से मिक्चर और सफेद पेड़े के नमूने लिए गए। 5 नवंबर को बचरा-पोड़ी के अवधेश होटल से बेसन लड्डू का नमूना लिया गया।
गर्भावस्था के पहले 12 सप्ताह में कराएं पंजीयन, जोखिम वाले मामलों की करें नियमित निगरानी
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बलवंत सिंह ने गत दिनों जिला स्तरीय बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने गर्भवती महिलाओं का पंजीयन गर्भावस्था के पहले 12 सप्ताह के भीतर करने और उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था की समय पर पहचान कर नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने ऐसी महिलाओं को समय पर जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने को कहा।
डॉ. सिंह ने गर्भवती महिलाओं की जांच और टीकाकरण के साथ बच्चों के टीकाकरण का विवरण समय पर संबंधित पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए। मातृ एवं शिशु मृत्यु और कम वजन वाले नवजातों की संख्या घटाने के लिए समय पर सेवाएं देने पर जोर दिया गया। बैठक में गैर-संचारी रोगों, टीबी और कुष्ठ रोग से जुड़े कार्यक्रमों के साथ आभा आईडी और आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में बैकुंठपुर, सोनहत, पटना और बचरा-पोड़ी के कामकाज की अलग-अलग समीक्षा हुई। सीएमएचओ ने विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधकों और बीईई सुपरवाइजरों को मैदानी दौरे कर मितानिनों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों, एएनएम और ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजकों के काम की मौके पर जांच करने को कहा। उन्होंने प्रत्येक पात्र हितग्राही तक सेवाएं पहुंचाने और काम में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।







