योगेश्वर साहू की रिपोर्ट
गरियाबंद / छुरा /राजिम /पाण्डुका
गरियाबंद जिले में अकवान के असर से रात से ही बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। जिले के फुलझर, घटारानी, मुरमुरा, धुरसा, जमाही, गाड़ाघाट, पोंड, पाण्डुका, राजिम, फिंगेश्वर, छुरा सहित लगभग सभी क्षेत्रों में रात्रिकालीन से लगातार बारिश जारी है।
किसान सबसे ज्यादा चिंतित
बारिश से सबसे ज्यादा परेशानी किसानों को हो रही है। धान की फसल कटकर खेतों में ही पड़ी हुई है। लगातार हो रही बारिश से धान भीगने और खराब होने का खतरा बढ़ गया है। किसान खेतों में पड़ी फसल को बचाने को लेकर चिंतित हैं। कई जगहों पर किसान बारिश रुकने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि फसल को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके।
देवउठनी एकादशी पर बारिश का ग्रहण
छत्तीसगढ़ का प्रमुख पर्व देवउठनी एकादशी आज बारिश की वजह से फीका पड़ गया है। आज शाम घर-घर दीए जलाए जाएंगे और यादव भाई घर-घर जाकर आशीष प्रदान करेंगे। आज तुलसी विवाह भी है। धान कटाई के बाद अब शादी-विवाह का सीजन शुरू हो जाएगा, लेकिन बारिश ने त्योहार के उत्साह को कम कर दिया है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दो-तीन दिनों तक अकवान के असर से बारिश का असर बना रहेगा। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिसके कारण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश की संभावना है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान अनावश्यक बाहर न निकलें और नदी-नालों के पास जाने से बचें।







