अमरजीत सिंह
बुलन्द टाईम्स न्यूज
कोरिया/बैकुंठपुर – कोरिया जिले में कलेक्टर कोरिया श्रीमती रोक्तिमा यादव के निर्देशन में जिला पंचायत, जनपद पंचायतों से लेकर ग्राम पंचायत तक संविधान दिवस पूरे उल्लास के साथ मनाया गया। ग्राम पंचायतों में विशेषकर अमृत सरोवर तटों पर संविधान दिवस पर उपस्थित ग्रामीणों ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। जल संरक्षण और स्वच्छता की शपथ ली और प्रत्येक अमृत सरोवर तटों पर ग्रामीणों को संविधान प्रदत्त मौलिक अधिकारों और कर्त्तव्यों पर जानकारी भी प्रदान की गई।
’संविधान दिवस पर कोरिया जिला पंचायत कोरिया के मंथन कक्ष में उपसंचालक पंचायत के उपस्थिति में सुबह 11 बजे अधिकारी-कर्मचारी ने उपस्थित होकर अपने मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों पर चर्चा कर जानकारी साझा की। इसके बाद संविधान दिवस के अवसर पर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय के पत्र के परिपालन में पंचायत संचालनालय, छत्तीसगढ़ ने प्रदेश की सभी जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आयोजन के निर्देश दिए थे इसी तारतम्य में जिला पंचायत में संविधान दिवस मनाया गया।
संविधान दिवस के अवसर पर जनपद पंचायत बैकुण्ठपुर और सोनहत में जनपद पंचायत सीईओ ने जनपद के सभी अधिकारी कर्मचारियों के साथ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और जल संरक्षण, स्वच्छता पर शपथ दिलाई। साथ ही जनपद पंचायत स्तर पर संवैधानिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों पर भी संक्षिप्त व्याख्यान आयोजित कर सभी को जागरूक किया गया।
ग्राम पंचायतों मे भी संविधान दिवस के अवसर पर भारत रत्न बाबा साहेब को याद करते हुए उनके छायाचित्र पर सुमन अर्पित किया गया। इसके बाद ग्राम पंचायतों और अमृत सरोवर तटों पर संविधान दिवस की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। यहां उपस्थित ग्रामीणों ने अपने जलस्रोतों के साफ सफाई और सदैव वर्षा जल संरक्षण की शपथ ली।
सोनहत अमृत सरोवर तट पर आयोजित संविधान दिवस के अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मनोज कुमार जगत, कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र सिंह, सरपंच सचिव रोजगार सहायक, ग्रामीण जनप्रतिनिधि, ग्रामीण नागरिक, स्वसहायता समूह की महिलाओं व युवाओ के साथ श्रमिकों की भागीदारी रही।







