सी एल साहू की रिपोर्ट :-
कांकेर| छत्तीसगढ़ राज्य मानवाधिकार आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष श्री नायक ने बैठक के पश्चात जिला चिकित्सालय, जिला जेल, पुलिस थाना और वृद्धाश्रम, बालगृह का आकस्मिक निरीक्षण दल के सदस्यों के साथ किया तथा वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। सबसे पहले वे कोमलदेव शासकीय जिला चिकित्सालय पहुंचकर वहां विभिन्न वार्डों का सघन निरीक्षण कर स्टाफ एवं उपलब्ध दवाओं, सेवाओं व सुविधाओं की जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने वहां मेडिसिन वार्ड, आपातकालीन वार्ड, रेडियोलॉजी, हमर लैब, एनसीडी वार्ड, फिजियोथेरिपी एवं रिहैबिलिटेशन केन्द्र, ब्लड बैंक, किचन, ऑक्सीजन प्लांट का अवलोकन किया और साफ-सफाई एवं सुव्यस्थित रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही मरीजों व उनके परिजनों की सुविधाओं का ध्यान रखते हुए समय पर उपचार, एम्बुलेंस, व्हीलचेयर जैसे जरूरी उपकरण व पर्याप्त मात्रा में आवश्यक दवाओं का भण्डारण सुनिश्चित करने के निर्देश उपस्थित चिकित्सकों को दिए।
इसके पश्चात् वे जिला जेल पहुंचकर वहां की सुरक्षा व्यवस्था, विचाराधीन बंदियों को दिए जाने प्रशिक्षण और चिकित्सीय सुविधाओं की जानकारी ली। इसके अलावा पूरे जेल परिसर का निरीक्षण कर बंदियों से चर्चा कर भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं के बारे में पूछा। इस दौरान उन्होंने सतत् बंदी सुधार कार्यक्रम चलाने के भी निर्देश प्रभारी जेल अधिकारी को दिए। इसके पश्चात् पुलिस थाना कांकेर में रोजनामचा सहित विभिन्न पंजियों व नस्तियों का निरीक्षण किया तथा भण्डार कक्ष का भी मुआयना कर जरूरी निर्देश दिए।
तदुपरांत आयोग की टीम ने ग्राम नंदनमारा स्थित वृद्धाश्रम, सिंगारभाट स्थित बालगृह (बालिका) और किशोर न्याय बोर्ड सहित भानुप्रतापपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सेवाओं व सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुमार कुर्रे सहित पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।



