मनीष कुमार देहारी की रिपोर्ट :-
कोंडागांव| कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार और खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार घरत के मार्गदर्शन में माकड़ी विकासखंड में आयुष्मान पखवाड़ा मनाया जा रहा है। जिसे सफल बनाने के लिए जागरूकता रथ को डॉ. भौमित वारकर ने हरी झंडी झंडी दिखाकर रवाना किया । यह रथ गाँव-गाँव जाकर लोगों के बीच जनजागरूकता करेगी।
आयुष्मान पखवाड़ा के दौरान ऐसे हितग्राही जिनके आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनके घर-घर जाकर या गांवों में शिविर आयोजित कर कार्ड बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही विकासखंड स्तर पर स्वास्थ्य शिविर, आयुष्मान सभा और जागरूकता रैली जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। वर्तमान में माकड़ी विकासखंड में लगभग 86 प्रतिशत लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं और शेष बचे लोगों के कार्ड बनाने की प्रक्रिया लगातार जारी है।
इस योजना के अंतर्गत प्राथमिकता एवं अंत्योदय राशनकार्डधारी परिवारों को 5 लाख रुपये तक और सामान्य परिवारों को 50 हजार रुपये तक का इलाज पंजीकृत शासकीय और निजी अस्पतालों में मुफ्त किया जाता है।
खंड चिकित्सा अधिकारी ने अपील की है कि जिन लाभार्थियों ने अभी तक अपना आयुष्मान कार्ड नहीं बनवाया है, वे अपना राशन कार्ड, आधार कार्ड और मोबाइल नंबर लेकर नजदीकी स्वास्थ्य कार्यकर्ता या ग्राम पंचायत सचिव से संपर्क कर अपना कार्ड बनवा सकते हैं। आयुष्मान पखवाड़ा के तहत चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य सभी नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे गंभीर बीमारियों से बच सकें और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर कासी पोयाम, धनेश नेताम, उषा साहू, वीणा भारद्वाज, बिजू सोरी, राजू पानिग्राही और ग्रामवासियों की उपस्थित रहे।



