सी एल साहू की रिपोर्ट :-
उत्तर बस्तर कांकेर| राज्य में संचालित केन्द्र तथा राज्य शासन की कौशल विकास योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री जनमन योजना, नल जल मित्र कार्यक्रम, आजीविका विकास कार्यक्रम एवं नियद नेल्लानार योजना के तहत प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इसी कड़ी में कौशल प्रशिक्षण हेतु निर्धारित वार्षिक लक्ष्य की पूर्ति, प्रशिक्षण कार्यक्रमों में प्रगति लाने तथा ग्रामीण स्तर के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदाय करने के उद्देश्य से जिले में 14 से 30 अक्टूबर 2024 तक कौशल पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है।
जिला कौशल विकास प्राधिकरण के सहायक संचालक ने बताया कि कौशल प्रशिक्षण के लिए युवाओं का काउंसिलिंग कर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने तथा सक्षम बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न सेक्टर्स के रोजगारोन्मुखी लघु अवधि के पाठ्यक्रमों में उन्हें शत्-प्रतिशत नियोजित करने एवं स्वरोजगार से जोड़ने हेतु निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण प्रदाय किया जा रहा है। इच्छुक शिक्षित बेरोजगार युवा इस काउंसलिंग शिविर में शामिल होकर प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं।



