तखतपुर | तखतपुर शहर में सिंधी समाज द्वारा चैटीचंड उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। यह पर्व सिंधी समुदाय के लिए विशेष महत्व रखता है और हर वर्ष चैत्र महीने की शुरुआत में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया जाता है।
उत्सव का आयोजन तीन दिनों तक चला, जिसमें विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए।
28 मार्च को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के बच्चों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

29 मार्च को आनंद मेले का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताएं हुईं। विजेताओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
30 मार्च की सुबह 6 बजे प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इसके बाद बाइक रैली भी आयोजित की गई, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पूरे शहर में भगवान झूलेलाल के जयकारे लगाए।
दोपहर में झूलेलाल मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई, जिसमें समाज के वरिष्ठजन और भक्तों ने श्रद्धा के साथ भाग लिया। शाम को भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें भगवान झूलेलाल की झांकी आकर्षण का केंद्र रही।
शोभायात्रा के पश्चात भगवान झूलेलाल की प्रतिमा का परमेश्वरी सरोवर में विसर्जन किया गया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह देखने लायक था।
सिंधी समाज के प्रमुख सदस्यों और युवाओं ने इस उत्सव को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए, जिससे पूरे आयोजन को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न किया गया।
सिंधी समाज ने इसे धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक बताते हुए अगले वर्ष इसे और भव्य रूप में मनाने का संकल्प लिया।



